{"_id":"5ae60e4a4f1c1b84028b7287","slug":"61525026378-mau-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पास बुलाया और सीने में मार दी गोली","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पास बुलाया और सीने में मार दी गोली
Updated Sun, 29 Apr 2018 11:56 PM IST
विज्ञापन
हलधरपुर। थाना क्षेत्र के मेउड़ी चट्टी के पास रविवार की शाम लगभग चार बजे स्कार्पियो सवार बदमाशों ने एक युवक को पास बुलाया और नजदीक आते ही उसके सीने और कमर में गोली मार दी। मऊ-बलिया मुख्य मार्ग पर सरेराह दुस्साहसिक घटना को अंजाम देकर हमलावर रतनपुरा की ओर भाग निकले। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना का कारण फोरलेन में भूमि को लेकर विवाद से जोड़ा जा रहा है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर गोहटा गांव निवासी इंद्रजीत यादव (24) पुत्र चंद्रभान अपने दोस्त उमेश यादव पुत्र राम प्रकाश के साथ हलधरपुर थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी सत्यनारायण यादव के घर पर शादी में भाग लेने के लिए गया था। शाम को लगभग चार बजे वे दोनों मेउड़ी चट्टी पर आए। वहां पर बाइक रोककर उमेश लघुशंका कर रहा था। पास में ही सड़क के एक तरफ इंद्रजीत खड़ा था। इसी बीच मऊ की ओर से आ रही एक स्कार्पियो कार वहां रुकी। कार में सवार एक युवक ने इंद्रजीत को इशारे से पास बुलाया। कार सवारों के मनसूबों से अनजान इंद्रजीत ज्यों ही कार के पास आया कार में बैठे एक युवक ने उसके सीने और कमर में गोली मार दी। गोली लगते ही इंद्रजीत सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। काफी व्यस्त मार्ग पर इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर कार सहित रतनपुरा की ओर भाग गए। अचानक घटी इस घटना से उमेश घबरा गया उसने घटना की जानकारी भाजपा नेता अशोक सिंह सहित अपने परिचितों को फोनकर दी और एक युवक की मदद से अपनी बाइक पर लादकर घायल इंद्रजीत को जिला अस्पताल लाया। डॉक्टरों ने घायल की चिंताजनक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार युवक को सीने में बाई तरफ और कमर में गोली मारी गई है। घटना को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा यह रही कि ताजोपुर गांव में इंद्रजीत की भूमि फोरलेन में गई है। इसे लेकर कुछ लोगों से इंद्रजीत की रंजिश चल रही है। उमेश यादव भाजपा नेता अशोक सिंह की कार चलाता है। वह शनिवार को छुट्टी लेकर रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए गया था। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ल का कहना है कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बारे में घायल के परिवार वालों की तरफ से तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वैसे पुलिस हमलावरों का पता लगाने की कोशिश में है।
विज्ञापन