दुबारी। मधुबन तहसील के दुबारी न्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के न होने पर इलाज कराने पहुंचे मरीज तथा उसके परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इनका आरोप था कि अक्सर इस अस्पताल में डाक्टरों के न होने से मरीजों को इलाज के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हुआ यू कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे कुछ मरीजों अपने तीमारदारों के साथ उपचार कराने के लिए न्यू पीएचसी दुबारी पहुंचे। जहां अस्पताल पर कोई डाक्टर व कर्मचारी उपस्थित नहीं मिले। इससे आक्रोशित मरीजों व तीमारदारों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। मरीजों का कहना था कि जहां सरकार ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है, वहीं चिकित्सकों की लापरवाही से सरकार मंशा को पलीता लग रहा है। विरोध जताने वाले में विरेंद्र बहादुर सिंह, भिखारी साहनी, सुरेश, इस्लाम अहमद, सूराती देवी, विपीन ठाकुर, सूरज सिंह, श्यामबिहारी आदि उपस्थित रहे। वहीं इस संबंध में फतेहपुर मंडाव सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पांडेय का कहना है कि शिकायत पर जांच कराई जाएगी, जांच में दोषी मिलने पर बिना वजह के अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।