मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के कुढहनी गांव में सोमवार की देर रात महिला द्वारा अपने तीन बच्चों के साथ विषाक्त पदार्थ सेवन करने की घटना को लेकर मंगलवार को पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोगों को कहना था कि पति की शराब पीने की लत ने एक परिवार को यहां तक पहुंचा दिया। बड़ी संख्या में लोग महिला के घर के बाहर मौजूद रहे। कुढहनी गांव निवासी गैंदा 65 का पुत्र गौतम कुमार मजदूरी कर अपनी पत्नी शशिकला और दोनों पुत्र प्रीयांशु, अविनाथ व पुत्री प्रिया का भरण पोषण करता है। लोगों की माने तो शराब पीने की आदत को लेकर गौतम तथा शशिकला में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। सोमवार को भी इसी को लेकर कहासुनी हुई तो शशिकला ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। जिसमें उसके छोटे बेटे अविनाश की जिला अस्पताल के पीआईसीयू में इलाज के दौरान जान चली गई। गांव में इस बात की चर्चा रही कि यदि गौतम अपनी श्रराब की लत पर अंकुश रखता तो उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता। ग्रामीणोें की मानें तो लोग गाहे बगाहे गौतम को शराब पीने से मना भी करते। इस एक खराब लत और इसे लेकर पति पत्नी के बीच हुई कहासुनी ने उसके बेटे को छीन लिया तो पत्नी, एक बेटा और एक बेटी अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं।

विषाक्त पदार्थ खाने के बाद जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती महिला शशि।- फोटो : MAU

विषाक्त पदार्थ खाने के बाद जिला अस्पताल के पीआईसीयू में भर्ती बच्चा प्रियांशु।संवाद- फोटो : MAU