मऊ। जिले के किसानों को सर्वांगीण और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से चंद्रभानपुर स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान में दो दिवसीय कृषक गोष्ठी और मेला का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने किया। इस माैके पर उन्होंने 18 उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुरानी कृषि पद्धतियों के स्थान पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभ लेते हुए आधुनिक पद्धति से लाभकारी फसलों की खेती करने का आह्वान किया। मेले में विभिन्न स्टाॅलों पर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के उत्पादों की प्रदर्शनी लगी। उद्यमियों के उत्पादों की तरह लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना करते हुए मऊ को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने विभिन्न स्टाॅलों का अवलोकन किया। गोष्ठी में नई जानकारी लेकर कृषि, उद्यान एवं अन्य राजकीय विभाग की स्कीम का लाभ लेकर कृषि को उद्यम के रूप में अपनाने का सुझाव दिया। किसान मेले में जिला पंचायत अध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी ने उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों में जयप्रकाश सिंह को आलू, प्याज उत्पादन, नंदलाल मौर्य को टमाटर, बैंगन उत्पादन, सुनील मौर्य को शिमला मिर्च, गौरीशंकर मल्ल को लौकीहवा भंटा, पत्तागोभी, राधेश्याम मौर्य को ग्राफ्टेड बैगन, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, अशोक कुमार को मधुमक्खी पालन, शहद उत्पादन, उमेश पांडेय को ड्रैगन फ्रूट की खेती, माया चौहान को मशरूम उत्पादन, शुभ्रा चौरसिया को मसाला उद्योग सहित अन्य किसानों को अनुदान का प्रमाण पत्र और सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नई प्रस्तावित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में दो करोड़ साठ लाख रुपये की उद्यान विभाग के कार्यक्रमों की कार्ययोजना शासन में भेजी गई है। किसान मेला के तकनीकी सत्र में उपनिदेशक उद्यान जयकरण सिंह ने योजनाओं में संरक्षित खेती फूलों की खेती खाद्य संस्करण के विभिन्न कार्यक्रमों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, कुशमौर के वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार दास, डॉ. दीपांशु जायसवाल ने शाकभाजी की खेती में बीज का महत्व तथा मृदा स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की विधियों के बारे मे जानकारी दी। इस दौरान प्रगतिशील किसान रामलेश मौर्य, जयप्रकाश सिंह, उद्यान निरीक्षक अरुण कुमार यादव, मिथिलेश कुमार सिंह, विभागीय कर्मचारी चंद्रभान राम आदि शामिल रहे।