मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव स्थित पोखरे में बुधवार सुबह 60 वर्षीय वृद्ध का शव मिला। मृतक विगत 12 नवंबर से घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरहुरपुर निवासी श्याम नारायण (60) गांव में ही रहते थे। परिजनों के अनुसार, मृतक श्याम नारायण पहले रेणुकूट स्थित एक सीमेंट कंपनी में काम करते थे और लगभग 4 साल पहले घर आ गए थे। कंपनी की ओर से उन्हें पेंशन मिलनी थी, लेकिन वह पेंशन लेने नहीं गए थे। एक माह पहले वह पेंशन के सिलसिले में वहां गए थे तो कंपनी ने उन्हें दोबारा बुलाया था। 12 नवंबर को वह घर से यही कहकर निकले थे कि मैं रेणुकूट जा रहा हूं। लेकिन किन परिस्थितियों में और कैसे वह पोखरे के समीप चले गए, इसकी जांच जरूरी है।
बुधवार सुबह एक व्यक्ति शौच के लिए गया तो उसने पोखरे में शव मिला। उसने इसकी जानकारी गांव वालों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त श्याम नारायण के रूप में की। सूचना पर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह कोतवाल केके वर्मा के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच किया। कोतवाल केके वर्मा का कहना है कि सुरहुरपुर गांव के पोखरे में शव मिलने की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।