मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र की चामुंडा कॉलोनी में शनिवार की दोपहर जमीन की पैमाइश करने पहुंची नगर निगम की टीम के सामने जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान कई राउंड गोलियां चलीं और जमकर मारपीट हुई। पैमाइश कर रही टीम जान बचाकर भाग निकली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर सभी लोग भाग गए। बाद में दोनों पक्ष मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना गोविंद नगर पहुंच गए। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से चार लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। नगर निगम की ओर से भी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
चामुंडा कॉलोनी में छह हजार वर्ग गज जमीन के कुछ हिस्स पर कुछ लोगों का कब्जा है, जबकि यह जमीन नगर निगम की बताई जाती है। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों के आधार पर शनिवार को नगर निगम से कानूनगो गंगाशरण, लेखपाल लक्ष्मण शर्मा और थान सिंह जमीन की पैमाइश करने पहुंचे। जिस समय टीम पैमाइश कर रही थी तभी दो पक्षों के लोग वहां पहुंच गए और मारपीट शुुरू हो गई। इस दौरान करीब छह राउंड गोलियां भी चलीं। नगर निगम की टीम जान बचाकर भाग निकली। टीम ने इसकी जानकारी सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना गोविंद नगर प्रभारी एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि सुशीला देवी और आनंद चतुर्वेदी पक्ष में विवाद हुआ है। इस मामले में सुशीला पक्ष की ओर से सत्यवीर चौधरी, चेतन फौजदार व आनंद चतुर्वेदी पक्ष की ओर से छोटे ओर संजय अग्रवाल को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है।