गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी ने खोला खजाना: माथा टेका, परिक्रमा की और पांच करोड़ दान; रसीद दिखी...रकम का इंतजार
रिलायंस ग्रुप के निदेशक अनंत अंबानी ने गोवर्धन स्थित गिरिराज मंदिर को पांच करोड़ रुपये की सेवा भेंट की है। दान से जुड़ी रसीद भी सामने आई है, जिस पर उनका नाम हस्तलिखित है। शुक्रवार को मथुरा पहुंचे अनंत ने जतीपुरा में गिरिराज महाराज के मुखारविंद पर पूजा-अर्चना की और ब्रज की परंपरा के अनुसार गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की।
विस्तार
रिलायंस ग्रुप के निदेशक अनंत अंबानी ने मथुरा के गिरिराज मंदिर को पांच करोड़ रुपए दान किए हैं। जिसकी रसीद भी सामने आई है। रसीद में अनंत अंबानी का नाम हस्तलिखित दिखाई दे रहा है। रसीद पर पांच करोड़ रुपये की सेवा का उल्लेख है।
रसीद सही, लेकिन अभी नहीं मिली रकम
मंदिर सेवा से जुड़े सेवायत महेश मुखिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पांच करोड़ रुपये की रसीद सही है। मंदिर के नाम से पांच करोड़ रुपये की रसीद काटी गई है, लेकिन अभी तक धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अनंत अंबानी की ओर से एक व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया है। उस व्यक्ति से संपर्क कर धनराशि के संबंध में बातचीत की जा रही है।
माथा टेक की मंगल की कामना
दरअसल, शुक्रवार को अनंत अंबानी मथुरा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गोवर्धन स्थित जतीपुरा में गिरिराज महाराज के मुखारविन्द पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने गिरिराज महाराज के समक्ष माथा टेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
ब्रज की परंपरा के अनुसार दी परिक्रमा
इसके बाद उन्होंने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा भी की। परिक्रमा के दौरान अनंत अंबानी की आस्था और श्रद्धा देखने को मिली। उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए और दान-पुण्य किया। बताया जा रहा है कि पांच करोड़ की धनराशि गिरिराज महाराज के मुखारविन्द की सेवा के लिए भेंट की गई है। गोवर्धन की धार्मिक परंपरा में गिरिराज महाराज की सेवा और दान का विशेष महत्व माना जाता है।
