मैनपुरी। जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा छह में प्रवेश के लिए 13 दिसंबर को परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। खास बात ये है कि इस बार प्रत्येक ब्लाक में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। तीन ब्लाकों में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए हैं। डीएम के निर्देशन में आयोजित होने वाली परीक्षा पर डीआईओएस और जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य भी निगरानी करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 2026-27 के लिए 12 केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर 4448 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस बार छात्रों को दूसरे ब्लाक में परीक्षा देने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। मैनपुरी ब्लाॅक के लिए जीजीआईसी मैनपुरी, एसडी इंटर कॉलेज हसनपुर, घिरोर ब्लाक के छात्र जीजीआईसी घिरोर, जीआईसी मैनपुरी में परीक्षा देंगे। कुरावली ब्लाॅक में मलिखान सिंह इंटर कॉलेज, बरनाहल ब्लाक में एके इंटर कॉलेज, करहल में नरसिंह इंटर कॉलेज, सुल्तानगंज ब्लाक में नेशनल इंटर कॉलेज भोगांव, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज भोगांव, बेवर में अमर शहीद इंटर कॉलेज, जागीर में चौ. सूरज सिंह इंटर कॉलेज, किशनी में नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज समान को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10:30 बजे से 11 बजे तक प्रवेश मिलेगा। जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव के प्राचार्य राजेश यादव ने बताया कि सभी परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचकर परीक्षा में शामिल हों।