महोबा। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं संक्रमण की शुरुआत से ही जागरूकता अभियान चलाकर मास्क बांट रहे हैं। गुरुवार को स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने अपनी पॉकेट मनी से स्वनिर्मित मास्क स्वास्थ्य विभाग को सौंपे, जिन्हें आशाओं के माध्यम से गांव-गांव में बांटा जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू, एनएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार पांडे, शैलेश कुमार तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व अनुश्रवण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. जीआर रतमेले को एक हजार से अधिक स्वनिर्मित मास्क सौंपे। इस मौके पर नोडल अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष सर्विलांस अभियान में ये मास्क 5 से 15 जुलाई तक आशा बहुओं के माध्यम से जरूरतमंदों को बांटेंगे। इससे पूर्व वीरभूमि मास्क बैंक से एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं ग्राम किड़ारी, चांदों समेत विभिन्न गांवों को स्वनिर्मित मास्क से संतृप्त कर चुके हैं। छात्र-छात्राएं डीएम एके तिवारी के आह्वान पर अपने गांव मोहल्ले में कोरोना संक्रमण के प्रति लोगों को दो गज दूरी, मास्क है जरूरी का पाठ पढ़ाकर जागरूक कर रहे हैं। इस मौके पर प्रशिक्षण जिला परिवार नियोजन मैनेजर जीतेश सोनी आदि मौजूद रहे।