महोबा। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध का जलस्तर अचानक बढ़ गया। हालात को देखते हुए बांध के दो फाटक खोलकर 24 घंटे में 20,400 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया। इस दौरान नदी के आसपास जनपद महोबा व झांसी के 15 गांवों में मुनादी कराकर अलर्ट जारी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को नदी के पास जाने से मना किया गया। लहचूरा बांध पहले से ही पूरी तरह लबालब है। बांध की न्यूनतम भंडारण क्षमता 179.83 मीटर और अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है जबकि वर्तमान में बांध का जलस्तर 182.30 मीटर पहुंच गया है। लहचूरा बांध में क्षमता से अधिक पानी आता देख दो फाटक चार फीट की ऊंचाई से खोलकर चौबीस घंटे में 20,400 क्यूसेक पानी धसान नदी में डिस्चार्ज किया गया। नदी के आसपास स्थित जनपद महोबा के काशीपुरा, धरवार, लिलवा, कोटरा, रिपनौर, बीहट, नगाराघाट, स्योढ़ी, सलैया व झांसी जिले के लहचूरा, बरौडा, असपुरा, झारखंड और सुजातपुरा गांव में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को नदी के पास आने से रोका गया है।
साथ ही लहचूरा बांध से धसान मुख्य कैनाल में भी 300 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। उधर, लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि इस समय बांध पूरी तरह लबालब है। बांध की लगातार निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पानी को डिस्चार्ज किया जा रहा है।