महोबा। सावन मास में पूजा-पाठ के लिए शिवालयों में तैैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुवार से शिवालय हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठेंगे। मंदिरों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी।
मान्यता है कि सावन में भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। शहर के शिवतांडव मंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर, बलखंडेश्वर मंदिर, बड़ी चंद्रिका स्थित विशाल शिव मंदिर, उमंगेश्वर मंदिर समेत सभी शिवालयों में रंगाई-पुताई के साथ साफ-सफाई कराई गई है। मंदिरों के रास्तों को दुरुस्त कराया गया है। द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में मिट्टी के शिवलिंग बनाने के लिए भक्तों की भीड़ जुटेगी। सर्वाधिक भीड़ वाले मंदिरों में एक दरोगा के साथ पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ज्योतिषाचार्य पं. भरत त्रिपाठी ने बताया कि सावन मास का विशेष महत्व होता है। सावन में सोमवार के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर पूजा की तैयारी कर लें। ओम: नम: शिवाय: मंत्र से पूजन करें। इससे सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।