महोबा। कोरोना काल के बाद सबसे ज्यादा संकट झेल रहे मध्य वर्ग की समस्याओं को लेकर आल्हा चौक में पिछले चार दिन से उपवास पर बैठे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर को समर्थन देने अधिवक्ता संघ भी उपवास स्थल पहुंचा। कहा कि मुख्यमंत्री मध्य वर्ग की दिक्कतों को नजरअंदाज नहीं कर सकते।
जिला अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष भारत विशाल शुक्ला ने कहा कि दिक्कतों से सरकार को अवगत कराना सरकार का विरोध नहीं है। सरकार हमारी संरक्षक है। महामंत्री कोमल सिंह यादव ने कहा कि कोरोना काल में अधिवक्ता वर्ग भी प्रभावित हुआ। अब महंगाई कमर तोड़ रही है। वरिष्ठ अधिवक्ता मुरारीलाल अग्रवाल ने कहा कि अगर सरकार मध्य वर्ग की उपेक्षा करती है तो विधानसभा चुनाव में मध्य वर्ग भी सरकार की उपेक्षा कर देगा। इस मौके पर रणविजय सिंह, दशरथ प्रजापति, दीपक गुप्ता, राना दृगपाल सिंह, जितेंद्र नाथ द्विवेदी, दीपक कुमार, प्रदीप यादव , नरेंद्र कुमार व दीपांकर यादव, अमरचंद, कल्लू चौरसिया, सुरेश बुंदेलखंडी, बृजेश वर्मा, वीरेंद्र अवस्थी, देवेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।