महोबा। जिला पंचायत में प्रशासक की नियुक्ति के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। डीएम सत्येंद्र कुमार ने प्रशासक का पदभार संभालते ही जिले में ग्रामीण व महोबा शहर में हो रहे कार्यों का मंथन किया। पांच कस्बों में ओपेन जिम का निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। 31 मार्च के पहले इस कार्ययोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
जिला पंचायत जिले के विकास का आधार स्तंभ है। इस समय जिला पंचायत की बागडोर डीएम के हाथों में है। उन्होंने शुक्रवार को जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्रा के साथ नए प्रस्तावों को लेकर मंथन किया। जिसमें तय हुआ कि जिले के श्रीनगर, सूपा, ग्योडी, जैतपुर व पनवाड़ी कस्बे में ओपेन जिम का निर्माण कराया जाए। जिम में अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। ताकि, युवा से लेकर बुजुर्ग तक खुद को फिट रख सकें। कस्बों में हाट बाजार भी तैयार कराने का प्रस्ताव है। ताकि, ग्रामीणों को एक ही स्थान पर जरूरत का सभी सामान उपलब्ध हो सके। साथ ही सड़क के किनारे दुकानें लगाने वालों को एक जगह शिफ्ट किया जा सके। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि जिला पंचायत के पास इस वक्त चार करोड़ का बजट मौजूद है। इसी बजट से विकास कार्य कराए जाएंगे।