नौतनवा। बार-बार मांग करने के बावजूद प्रशासन द्वारा मांस-मछली की दुकानों को बंद नहीं कराया गया तो आक्रोशित हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने सोमवार को तहसील के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठने से आवाजाही रूकी तो मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने 24 घंटे के अंदर उनकी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार को हिंदू रक्षा दल के दर्जनों कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर तहसील के मुख्य द्वार पर ही धरने बैठ गए और आवागमन मार्ग को रोककर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। धरना दे रहे दल के पदाधिकारियों ने कहा कि अनेकों बार शिकायत के बाद भी प्रशासन मछली-मांस की दुकानों को तहसील पुलिस एवं प्रशासन बंद नहीं कराया। जानकारी होने पर मौके पर एसडीएम कुणाल, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव एवं चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे पहुंचे और दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी से उनकी मांगों को पूरा करने के लिए 24 घंटे की मोहलत मांगी। तब जाकर कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया। इस मौके पर सत्यम सोनी ने कहा कि यदि 24 घंटे में मांस-मछली की दुकानें बंद नही हुईं तो हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता खुद मोर्चा संभालने को सड़क पर उतरेंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी एसडीएम नौतनवा की होगी। वहीं इस मौके पर दल के रामप्रीत कन्नौजिया, रवि गौड़, नीरज यादव, नितेश प्रजापति, अजय रौनियार, राहुल कुमार, प्रदीप जायसवाल, मंतोष कुमार, आलोक पांडेय आदि की मौजूदगी रही।