ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम छिल्ला में नहर के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी शनिवार रात बारह बजे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक किशोरी व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर खितवांस चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में उपचार को पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला सिविल लाइन वर्णी कॉलेज के पास निवासी अतुल निरंजन (36) पुत्र रामलखन निरंजन अपने साथी मड़ावरा रोड महरौनी निवासी चंद्रभान (35) पुत्र जमुना प्रसाद के साथ शनिवार की देर रात करीब बारह बजे बोलेरो गाड़ी से महरौनी से ललितपुर की ओर आ रहे थे। उनके साथ में गाड़ी में एक किशोरी महरौनी के एक ग्राम निवासी 15 वर्षीय किशोरी भी थी। अभी उनकी गाड़ी ग्राम छिल्ला में नहर के पास ही पहुंची थी कि तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे की ओर से शीशम के पेड़ से टकरा गई। जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। जानकारी मिलने पर खितवांस चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अतुल निरंजन को मृत घोषित कर दिया। जबकि चंद्रभान की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रिफर कर दिया, जबकि तीसरी घायल किशोरी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, लेकिन अगले दिन शाम तक वह बेहोश बताई गई है। वहीं जानकारी के अनुसार उक्त किशोरी की मां ने महरौनी कोतवाली पुलिस को उसकी पुत्री की गुमशुदगी का शिकायती पत्र दिया है, जिसके बाद अब यह मामला और भी उलझ गया है कि आखिर गाड़ी में उक्त लोगों के साथ किशोरी कैसे पहुंची, वहीं महरौनी पुलिस ने किशोरी के परिजनों को किशोरी के दुर्घटना होने की जानकारी दे दी है।