Jhansi Accident: अनियंत्रित स्कार्पियो से कुचल कर कांग्रेस के जिला सचिव सहित दो की मौत, एक घायल
हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार हो गया। इस हादसे में कांग्रेस के जिला सचिव सहित दो लोगों की मौत हो गई है व एक अन्य घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
ललितपुर में तेजरफ्तार स्कार्पियो कार ने सड़क के किनारे खड़े कांग्रेस के जिला सचिव समेत तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है। उसे झांसी मेडिकल कालेज रिफर किया गया है। हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने स्कार्पियो कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
कस्बा बार निवासी ताजुद्दीन (60) पुत्र काले खां और तुराव अली (60) पुत्र मुराद अली सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे मेला ग्राउंड के पास स्थित दुकान के बाहर चाय पी रहे थे। जबकि प्रमोद (45) पुत्र निरन यादव निवासी ग्राम मोतीखेरा वहीं, पास में लगे ठेले से फल खरीद रहे थे। तभी बानपुर की ओर से आ रही तेजरफ्तार स्कार्पियो कार ने फल खरीद रहे प्रमोद को टक्कर मारते हुए कुछ दूरी पर चाय पी रहे ताजुद्दीन और तुराव अली को कुचलते हुए भागी।
दुर्घटना देखकर आसपास मौजूद लोग भागकर आ गए और तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रिफर कर दिया। झांसी में ताजुद्दीन व तुराव अली को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रमोद का इलाज चल रहा है। झांसी पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया। ताजुद्दीन कांग्रेस पार्टी के जिला सचिव थे। वहीं, ताजुद्दीन की पत्नी अंजुम बानो ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कार को पुलिस ने लिया कब्जे में, चालक फरार
दो लोगों को कुचलने और एक को टक्कर मारने के बाद स्कार्पियो चालक कार को कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से भाग गया। थाना बार पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और आरोपी चालक की तलाश में जुट गई। सूत्रों के अनुसार स्कार्पियो चालक कार चलाना सीख रहा था। तभी यह दुर्घटना हो गई।
अतिक्रमण के कारण हो रहे हादसे
हादसे का कारण कस्बा में सड़क किनारे स्थित अवैध अतिक्रमण को बताया जा रहा है। कस्बा बार में सड़क किनारे स्थित दुकानों के स्वामी सड़क की पटरियों तक अपनी दुकानें लगा रखी है। जबकि सड़क के करीब सब्जी और फल की दुकानें लगी रहती है। इसकी वजह से सड़क पर निकलने वाले वाहनों से दुर्घटना की संभावना बनी रहती हैं।
बस स्टैंड से मेला तिराहे तक फल विक्रेता एवं दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैलाए रहते है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन दिया जाएगा। -रमेश सहरिया, ग्राम प्रधान बार
गांधी मैदान, मेला तिराहे पर काफी अतिक्रमण है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। सड़क पर अतिक्रमण हटाया जाना जरूरी हो गया है। -कल्याण सिंह लोधी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बार
तेजरफ्तार स्कार्पियो ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है। स्कार्पियो कार को कब्जे में ले लिया गया है। स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। -बृजनेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना बार