ललितपुर। विकास खंड बिरधा के ग्राम चीराकोड़र ग्राम पंचायत जमुनिया में दो लोगों के नाम से दो-दो जॉब कार्ड बनाकर मनरेगा की धनराशि का दुरुपयोग करने के मामले में डीएम के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ थाना जाखलौन में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खंड विकास अधिकारी बिरधा दीपेंद्र पांडेय ने थाना जाखलौन पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के 18 सितंबर के पत्र के द्वारा उपायुक्त श्रम रोजगार ने बीते 19 सितंबर को जिलाधिकारी के समक्ष जन सुनवाई के दौरान ग्राम चीराकोड़र विकास खंड बिरधा क व्यक्तियों द्वारा ग्राम चीराकोड़र ग्राम पंचायत जमुनिया निवासी साहेब पुत्र बीतल एवं प्रभारती पत्नी साहेब सिंह के दो-दो जॉब कार्ड बनाकर धनराशि दुरुपयोग किए जाने की शिकायत की गई। एक व्यक्ति के दो जॉब कार्ड बनाकर धनराशि का दुरुपयोग किए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा 17 सितंबर को कार्रवाई के निर्देश दिए। मनरेगा एमआईएस पर विस्तृत जांच किए जाने पर ग्राम चीराकोड़र ग्राम पंचायत जमुनिया में निम्न व्यक्तियों के दो-दो जॉब कार्ड प्रदर्शित हुए हैं। जिनमें साहेब सिंह पुत्र बीतल के एक जॉब कार्ड पर 13,468 रुपये धनराशि एवं उसकी नाम से दूसरे जॉब कार्ड पर 69,011 रुपये की धनराशि एवं प्रभारती पत्नी साहेब सिंह के एक जॉब कार्ड पर 13, 468 रुपये एवं उसी नाम से दूसरे जॉब कार्ड पर 64,506 रुपये की धनराशि मनरेगा एमआईएस में जारी की गई। उपरोक्त व्यक्तियों के दो-दो जॉब कार्ड बनाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी की स्वीकृति18 सितंबर के क्रम में ग्राम चीरा कोड़र के उत्तरदायी ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सेवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी की तहरीर के आधार पर जाखलौन पुलिस ने साहेब सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी गंगाराम शर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीकृष्ण सहरिया, ग्राम विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह और ग्राम प्रधान दसई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।