ललितपुर। दो वर्ष तीन माह पूर्व घर के बाहर खेल रहा पांच साल का राज के लापता होने के मामले में परिजनों को फिर से उसके मिलने की आस जाग उठी है। फरीदाबाद पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो में जो बालक दिख रहा है, उसे राज के मां ममता कुशवाहा ने उनका पुत्र होने का दावा किया है और इस संबंध में कोतवाली पहुंचकर महिला हेल्प डेस्क पर प्रार्थना पत्र देकर पुत्र का पता लगाने की फिर से गुहार लगाई है।
मोहल्ला आजादपुरा निवासी हरगोविंद पुत्र बलू कुशवाहा का पांच वर्षीय पुत्र राज दो जुलाई 2018 को घर के बाहर खेलने के दौरान अचानक से लापता हो गया था। परिजनों ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच एवं अन्य स्तर से राज का पता लगाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन उसका आज तक पता नहीं चल सका। दो वर्ष तीन माह बाद भी जब राज का पता नहीं लग सका तो पुलिस भी उसके मिलने की आस छोड़ चुकी थी। लेकिन शुक्रवार को सुबह उनके हाथ एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से हाथ में लगा, जिससे राज के मिलने की आस फिर से उनके मन में जाग उठी। सोशल मीडिया पर फरीदाबाद के एक एएसआई अमर सिंह द्वारा एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें एक लापता बालक उनके पास थाने में बैठा हुआ है और एएसआई वीडियो में लोगों से अपील कर रहे हैं कि इस वीडियो को अधिक से अधिक फैलाएं। इस वीडियो में जो बच्चा दिख रहा है, उसे राज के माता पिता अपना पुत्र होने का दावा कर रहे हैं। शुक्रवार को सुबह दस बजे आजादपुरा लापता राज के पिता हरगोविंद व मां ममता कुशवाहा कोतवाली पहुंचे और वह वीडियो दिखाकर उसमें दिख रहे बालक को अपना पुत्र राज बताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई और जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया है। हालांकि वीडियो में बालक अपना नाम लक्ष्य और पिता का नाम सोनू बता रहा है। ममता कुशवाहा का दावा है वीडियो में जो बालक दिख रहा है, वह उन्हीं का पुत्र है।