ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम इकलगुवां में खेतों में मूंगफली की फसल में कीटनाशक छिड़कने के दौरान एक किसान ने बिना हाथ धोये पानी पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने और झांसी मेडिकल ले जाने के दौरान रास्तें में उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम इकलगुवां निवासी कुंवरराज (47) पुत्र सुजान सिंह बृहस्पतिवार को दिन में अपने खेतों में मूंगफली की फसल में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान उसने बिना हाथ धोये ही कीटनाशक से सने हाथों में भरकर पानी पी लिया। जिससे हाथों में लगा कीटनाशक उसके मुंह में चला गया और उसकी हालत बिगड़ गई। जिस पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया, लेकिन झांसी ले जाने के दौरान उसकी रास्ते में ही मौत हो गई, जिस पर परिजन उसे वापस जिला अस्पताल ले आए। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बुआ के बेटा ग्राम नौहरखुर्द निवासी दीमान सिंह ने बताया कि मृतक के एक बेटा और तीन बेटियां हैं। उसके पास करीब साढ़े चार एकड़ जमीन है।