Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lalitpur News ›   As the tubewells started running, the power supply system began to struggle.

Lalitpur News: नलकूप चले तो बिजली व्यवस्था हांफने लगी

Tue, 03 Nov 2026 12:11 AM IST
Jhansi Bureau झांसी ब्यूरो
Updated Tue, 03 Nov 2026 12:11 AM IST
विज्ञापन
As the tubewells started running, the power supply system began to struggle.
राजघाट रोड पर खेतों में सिंचाई को चलता नलकूप। संवाद
खपत 100 से बढ़कर 138 मेगावाट पहुंची, ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती से सिंचाई प्रभावित
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद मांग बढ़ते ही विद्युत व्यवस्था चरमराने लगी है। रबी सीजन में सिंचाई के लिए करीब 6000 निजी नलकूपों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली का लोड बढ़ गया है। इसका असर आपूर्ति पर पड़ने लगा है। कई इलाकों में किसानों को आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
सौंजना क्षेत्र में फीडर पर लोड बढ़ने के कारण आपूर्ति दो हिस्सों में बांटनी पड़ी है। एक दिन आधे किसानों को बिजली दी जा रही है, जबकि अगले दिन शेष किसानों को आपूर्ति देकर नलकूप चलवाए जा रहे हैं। एक नवंबर से अस्थायी नलकूप कनेक्शन की सुविधा भी शुरू हो गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिजली की मांग और बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, रोंड़ा ट्रांसमिशन से होने वाली बिजली की खपत सितंबर में 100 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर 138 मेगावाट तक पहुंच गई है।

रबी सीजन शुरू होते ही बढ़ा बिजली संकट
रबी सीजन की शुरुआत के साथ ही जिले में बिजली का लोड और खपत बढ़ गई है। निजी नलकूपों और मोटर पंपों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बिरधा, बंगरिया, पाली, महरौनी और मड़ावरा क्षेत्रों के सैकड़ों गांवों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से किसान परेशान हैं। कई गांवों में आठ से दस घंटे तक बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीण विद्युत उपकेंद्रों पर लगे ट्रांसफार्मरों पर भी लोड बढ़ गया है। वीसीबी मशीनों में करंट का लोड 100 एंपियर से अधिक पहुंच गया है। नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मर भी खराब हो रहे हैं। किसान खराब ट्रांसफार्मरों को ठीक कराने के लिए कार्यशाला के चक्कर लगा रहे हैं। हर रोज करीब पांच से छह ट्रांसफार्मर खराब होने की बात सामने आ रही है। बिजली का लोड बढ़ने से ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ गई है।

विभिन्न फीडरों पर डेढ़ गुना तक बढ़ा लोड
पाली सब स्टेशन के पाली फीडर को छोड़कर अन्य फीडरों पर सितंबर में 40 से 50 एंपियर तक लोड था। अब बाइपास सब स्टेशन के नदनवारा, कल्यानपुरा, निवाई और मसौरा फीडरों पर लोड 60 से बढ़कर 80 से 90 एंपियर तक पहुंच गया है। नेहरूनगर और बिरधा सब स्टेशन के फीडरों पर भी लोड डेढ़ गुना तक बढ़ा है।

अस्थायी कनेक्शन से और बढ़ेगी चुनौती
जनपद में करीब छह हजार स्थायी नलकूप कनेक्शन हैं। इनके माध्यम से किसान सिंचाई कर रहे हैं। पिछले वर्ष साढ़े चार हजार से अधिक अस्थायी कनेक्शन जारी किए गए थे। इस बार भी बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है। ऐसे में बिजली की मांग और बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति का संकट गहरा सकता है।

जनपद में बिजली कनेक्शन की स्थिति
एक किलोवाट-1,16,328
दो किलोवाट-21,633
वाणिज्यिक कनेक्शन-3,500
औद्योगिक कनेक्शन-60
स्थायी नलकूप कनेक्शन-6,000
अस्थायी नलकूप कनेक्शन-पिछले वर्ष करीब 4,500

वर्जन
जनपद में महरौनी, मड़ावरा, बिरधा और पाली सब स्टेशनों पर बिजली का लोड अधिक बढ़ा है। हर सब स्टेशन पर तीन से चार मेगावाट तक खपत बढ़ी है। रोस्टर के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।-विजय मोहन खेड़ा, अधीक्षण अभियंता बिजली

बिरधा के सातों फीडरों पर बिजली संकट, किसान आंदोलित
बिरधा। बिरधा पावर हाउस के सभी सातों फीडरों पर बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। किसानों को 24 घंटे में महज 10 घंटे बिजली मिल रही है। इससे रबी की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। खेतों को बोआई के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। दिन में कम वोल्टेज रहता है और रात में बिजली आने पर किसानों को खेतों में रात गुजारनी पड़ती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रोस्टर के नाम पर मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है। शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। किसानों ने सिंचाई के लिए 16 से 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। उन्होंने रोस्टर सार्वजनिक करने और अघोषित कटौती रोकने की अपील की है। किसानों ने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पावर हाउस पर प्रदर्शन करेंगे। संवाद

रात में भी नहीं हो पा रही सिंचाई
रात दो बजे बिजली आती है और चार बजे चली जाती है। पूरी रात जागकर भी किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। अगर यही हाल रहा तो बोआई में विलंब होगा और फसल पर सीधा असर पड़ेगा।

- गजेंद्र सिंह, किसान, बिरधा

किसानों को पूरा बिजली बिल देने के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे किसान अपनी समस्या लेकर परेशान हैं।- मुकेश कुमार लोधी, किसान, करमरा
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed