Lakhimpur Kheri News: बाघ ने खेत में चर रहीं 12 बकरियों को मार डाला, महिलाओं ने भागकर बचाई जान
एक साथ हुई दर्जनभर बकरियों की मौत और बाघ के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। रेंजर नरेश पाल सिंह ने पशु स्वामियों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के हैदराबाद इलाके में शुक्रवार शाम बाघ ने खेत में चर रहीं 12 बकरियों को मार डाला। बकरियां चराने आई महिलाओं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया। एक साथ हुई दर्जनभर बकरियों की मौत और बाघ के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में दहशत है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भदैया निवासी निवासी राम गुलाम, राम सिंह, मोहनलाल के घर की महिलाएं शुक्रवार शाम बिहारीपुर फार्म के पूरब खेत में बकरी चरा रही थी। उसी वक्त गन्ने में छिपे बाघ ने एक-एक करके 12 बकरियों को मार डाला। महिलाओं ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। गांव पहुंचकर महिलाओं ने घरवालों को बताया।
ये भी पढ़ें- घर को बनाया टॉर्चर रूम... मासूम की मौत: पड़ोसी के मकान के अंदर खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा
सतर्क रहें ग्रामीण
ग्रामीणों की सूचना पर रेंजर नरेश पाल सिंह, फॉरेस्टर शिव कुमार कश्यप, नरेंद्र वर्मा आदि वन कर्मी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर 10 बकरियों के अध खाए शव बरामद हुए हैं। जिनका पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम करा दिया गया। दो बकरियां लापता है। हो सकता है बाघ उन्हें मार कर खा गया हो। रेंजर नरेश पाल सिंह ने पशु स्वामियों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।