Lakhimpur Kheri: एसपी ने धौरहरा कोतवाल को हटाया, भाजपा विधायक ने जताया था जान का खतरा
धौरहरा कोतवाल दिनेश सिंह के खिलाफ भाजपा विधायक ने प्रभारी मंत्री से शिकायत की थी। विधायक ने अपनी जान का खतरा जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। एसपी ने कोतवाल दिनेश सिंह को घौरहरा से हटाकर निघासन भेजा है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में भाजपा विधायक की शिकायत के बाद धौरहरा कोतवाल को हटा दिया गया है। भीरा थाना क्षेत्र की बिजुआ चौकी के गांव रणा बाजार में छुट्टा पशुओं को भगाने के विवाद में हुए दोहरे हत्याकांड में भीरा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई के करीब एक सप्ताह बाद चौकी प्रभारी चेतन तोमर को भी लाइन का रास्ता दिखा दिया गया। घटना के समय तो अधिकारियों ने चौकी प्रभारी को अभयदान दे दिया था।
चौकी प्रभारी चेतन तोमर पर कार्रवाई न होना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ था। शनिवार की देर रात जारी हुई तबादला सूची में एसपी ने बिजुआ चौकी प्रभारी चेतन तोमर सहित कई अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया। उधर, धौरहरा कोतवाल को भी स्थानांतरित कर दिया गया है।
विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने धौरहरा कोतवाल दिनेश सिंह से जान का खतरा बताया था। प्रभारी मंत्री से शिकायत की थी। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने प्रभारी निरीक्षक निघासन सुरेश कुमार मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक धौरहरा बनाया। दिनेश कुमार सिंह को धौरहरा से निघासन, महिला निरीक्षक शकुंतला उपाध्याय को परिवार परामर्श केंद्र के अलावा महिला संबंधी हेल्प डेस्क का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इनका भी हुआ तबादला
इसके अलावा साधना यादव को प्रभारी चौकी कस्बा खीरी, लाल बहादुर मिश्रा प्रभारी चौकी प्रभारी को पुलिस लाइन गैर जनपद, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह को प्रभारी चौकी बिजुआ, आरक्षी शरद शुक्ला को पुलिस लाइन से सर्विलांस सेल, मुख्य आरक्षी सत्यप्रकाश को स्वाट टीम, आरक्षी अरुण कुमार, विकास यादव व विकास चौहान को स्वाट टीम भेजा गया है।
वहीं स्वाट टीम से आरक्षी देवेंद्र को थाना मैगलगंज, अजीत यादव को पलिया, रजनीश सिंह को खीरी, आनन्द प्रताप सिंह को थाना फूलबेहड़, तुषार कुमार व विक्रांत चौधरी को थाना पढुआ, ललित चौधरी सहित प्रवेंद्र कुमार को थाना संपूर्णानगर का भेजा गया है।