जेल में हत्यारोपी ने दी जान: लखीमपुर खीरी में परिजनों ने दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन, शव का अंतिम संस्कार रोका
लखीमपुर खीरी की जिला जेल में हत्यारोपी सुरेश कुमार वर्मा ने आत्महत्या कर ली थी। उसका शव गमछे के फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। दूसरे दिन शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। पुलिस के समझाने पर परिजन माने।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के जिला कारागार में शुक्रवार सुबह हत्या के आरोपी बंदी सुरेश कुमार वर्मा की आत्महत्या करने के मामले में शनिवार को भी परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने पूर्व में पुलिस पर पचास हजार रुपये लेने के आरोप दोहराते हुए सुरेश के नाखून भी निकले हुए होने का आरोप लगाया। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। गांव में पुलिस ने परिजनों को काफी समझाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ ही दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार किया।
धौरहरा क्षेत्र के ग्राम माधोपुरवा निवासी सुरेश को बृहस्पतिवार शाम गांव निवासी महिला सीमा के हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था। शुक्रवार को सुबह सुरेश ने जेल के शौचालय में दरवाजे के पास एंगल से गमछे के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद शुक्रवार को परिजनों ने काफी हंगामा किया था। जिसके बाद शाम को एसपी ने मामले में धौरहरा एसओ शिवाजी दुबे और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया था।
एसपी ने एसओ और तीन सिपाहियों को किया निलंबित
धौरहरा कोतवाली के माधौपुरवा गांव निवासी सुरेश कुमार वर्मा (55) का शव शुक्रवार सुबह जेल के शौचालय में फंदे से लटका मिला था। जानकारी होने पर परिजनों ने पहले धौरहरा कोतवाली, फिर पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा किया। वे एसओ पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे थे। इसके बाद एसपी संकल्प शर्मा ने धौरहरा एसओ शिवाजी दुबे व तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
सुरेश पर गांव की ही सीमा (40) की हत्या का आरोप था। घटना 15 अक्तूबर को हुई थी। पुलिस ने इस मामले में बृहस्पतिवार शाम सुरेश को कोर्ट के आदेश पर जेल में दाखिल कराया था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सुरेश जेल के शौचालय में गया। काफी देर तक वह बाहर नहीं आया। इस पर निगरानी कर रहे बंदी रक्षक ने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बंदी रक्षक ने जिला कारागार प्रशासन को सूचना दी।
जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया ने बताया कि सुरेश ने गमछे का फंदा बनाकर शौचालय के दरवाजे के पास लगे एंगल में लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर परिजन आक्रोशित हो उठे। उन्होंने धौरहरा कोतवाली का घेराव कर दिया। परिजनों ने धौरहरा एसओ शिवाजी दुबे पर गंभीर आरोप लगाए। पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों और पुलिस के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले। करीब चार बजे शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव पहुंचा तो परिजनों ने वहां भी जोरदार प्रदर्शन किया।
48 घंटे के अंदर हो सेफ्टी-सिक्योरिटी ऑडिट
जेल में हुई घटना की सूचना मिलने पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम के साथ शुक्रवार सुबह ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने जेल अधीक्षक से घटना के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही विशेष पैनल गठित कर वीडियोग्राफी सहित पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया। डीएम ने एसपी को 48 घंटे के अंदर जेल का सेफ्टी-कम-सिक्योरिटी ऑडिट पूरा कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। डीएम ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करने के लिए एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।