Lakhimpur Kheri: गणेश चतुर्थी से पहले दुधवा में नेपाली हाथियों की दस्तक, जंगल में पहुंचे तीन टस्कर
नेपाल के जंगल से तीन टस्कर हाथी दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल में पहुंचे हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि 24 घंटे के अंदर नेपाली हाथियों के झुंड जंगलों में पहुंच सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में गणेश चतुर्थी से ठीक पहले दुधवा के जंगल में नेपाली हाथियों ने दस्तक दी है। हालांकि अभी तीन टस्कर हाथियों के आने की सूचना मिली है। संकेत मिल रहे हैं कि 24 घंटे के अंदर नेपाली हाथियों का एक बड़ा झुंड यहां आ सकता है।
हर साल गणेश चतुर्थी से पहले हाथियों के एक-दो झुंड नेपाल के शुक्ला फांटा नेशनल पार्क से निकलकर शारदा नदी पार कर दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगलों में आकर महीनों प्रवास करते हैं। उनकी वापसी दिवाली से पहले हो जाती है। इससे पहले हाथियों के मुखिया टस्कर यहां आकर हालात का जायजा लेते हैं। इसके बाद उनका संकेत मिलने पर हाथियों के एक या दो झुंड यहां आते हैं। इस बार हाथियों का आगमन कुछ देरी से हो रहा है। इसके पीछे खीरी में पिछले महीने आई भीषण बाढ़ को माना जा रहा है। नदियों के उफनाने से इस बार हाथी कुछ देरी से यहां आए हैं।
किशनपुर सेंचुरी में पहुंचे टस्कर
नेपाल के शुक्ला फांटा नेशनल पार्क से निकलकर यह तीन टस्कर दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की संपूर्णानगर जंगल से पीलीभीत टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज होते हुए भीरा रेंज की महराज नगर बीट से किशनपुर सेंचुरी के मडहा जंगल में पहुंचे हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि 24 घंटे के अंदर नेपाली हाथी दुधवा के जंगलों में पहुंच सकते हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर ललित कुमार वर्मा ने बताया कि तीन टस्कर हाथी मडहा जंगल में देखे गए हैं। यह नेपाली हाथियों के दुधवा आने के संकेत हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन ने इसके लिए जरूरी तैयारी शुरू कर दी है। वन कर्मियों की टीम गठित कर 24 घंटे बारी-बारी से हाथियों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।