लखीमपुर खीरी: रील बनाने से रोका तो पत्नी ने मायके वालों से पिटवाया, युवक की मौत; चार महीने पहले हुई थी शादी
लखीमपुर खीरी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रील बनाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव में रील बनाने से रोकने पर पत्नी से हुए विवाद के बाद युवक की पिटाई कर दी गई। गंभीर हालत में सीएचसी बिजुआ ले जाए गए युवक पंकज कुमार (28) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने पत्नी के मायके वालों पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शनिवार देर शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की बात सामने आई है। सिर पर दो चोटें मिली हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पत्नी को रील बनाने का शौक, पति करता था विरोध
गांव पल्हनापुर निवासी पंकज कुमार का शुक्रवार रात करीब आठ बजे पत्नी रोशनी से विवाद हुआ था। आस-पास के ग्रामीणों के मुताबिक, पंकज पत्नी को रील बनाने से रोकता था। शुक्रवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों में फिर विवाद हुआ।
आरोप है कि पंकज ने पत्नी की पिटाई कर दी। इसके बाद रोशनी ने अपने मायके वालों को सूचना दी। कुछ देर बाद उसका भाई और दोस्त समेत करीब पांच लोग गांव पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पंकज से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन पंकज को सीएचसी बिजुआ ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीओ महक शर्मा ने बताया कि पंकज के भाई राजेश की तहरीर पर पत्नी रोशनी, साले सुनील कुमार, सुनील के दोस्त अजीत, जगदीश और शिवम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चार माह पहले हुई थी शादी
पंकज की शादी करीब चार महीने पहले कटैया गांव निवासी रोशनी से हुई थी। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पास करीब तीन बीघा जमीन भी थी। पंकज दो भाइयों में छोटा था।