नाश्ते में बनाएं पौष्टिक मूंग दाल और पनीर का डोसा
सामग्री- दो कप मूंग दाल, रात भर पानी में भीगी हुई, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, आधा कप कॉर्न, एक शिमला मिर्च, एक टमाटर और 50 ग्राम पनीर व नमक स्वादानुसार।
विधि- रिया बताती हैं कि, रात भर पानी में भीगी मूंग दाल को मिर्च के साथ अच्छे से मिक्सी में ग्राइंड कर उसका पेस्ट बना लेंगे। इसके बाद स्टफिंग बना लेंगे और कॉर्न उबालकर उसमें थोड़ी सी हरी मिर्च, बारीक कटी शिमला मिर्च और कटे टमाटर डालने के साथ बारीक कटा हरा धनिया और मैश किया हुआ पनीर मिला लेंगे। आखिर में नमक मिला लेंगे। जब पेस्ट तैयार हो जाए तो तवा पर हल्का तेल लगाकर गरम कर लेंगे। तवा गरम होने के बाद उसमें आंच कम कर मूंग दाल के पेस्ट को अच्छे से डोसे की तरह फैला लेंगे। जब वो सिंक जाए और तवा छोड़ने लगे तो एक बार हल्का सा पलट के दूसरी साइड को सेंक के वापस पलट के उसमें मिक्चर को डालेंगे। फिर थोड़ा सिंकने के बाद उसे डोसे की तरह फोल्ड कर देंगे। इस तरह पौष्टिक मूंग दाल डोसा तैयार हो चुका है। अब इसे टमाटर की चटनी या नारियल की चटनी से अपने परिवार वालों को परोसें, जिससे बच्चों और घर परिवार की सेहत दुरुस्त रहे।

मूंग की दाल का पनीर डोसा।
इस वीकेंड घर पर बनाएं खास डिश, हमसे भी करें शेयर
लखीमपुर खीरी। अमर उजाला के साप्ताहिक कॉलम महिलाओं से संवाद के तहत जिले की गृहिणियों ने अपने शौक साझा किए, जिसके तहत उन्होंने घर में ही शानदार डिश बताने की विधि बताई। किसी ने झटपट और पौष्टिक नाश्ता तो किसी ने लंच और डिनर में बनने वाले पकवान और लजीज व्यंजन बनाने की विधि साझा की। अगर आप भी अपने शौक और हुनर को अमर उजाला के साथ साझा करना चाहती हैं तो अपनी फोटो के साथ हमें लिख भेजें। हम देंगे आपके हुनर को सम्मान और सपनों के पंख की उड़ान। हमारा पता है lakhimpurkhiri@samvadnews.in पर या वॉट्सऐप करें 9654263694 पर।