UP News: लखीमपुर खीरी में घर में सो रही महिला को दबोच ले गया तेंदुआ, 50 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला शव
लखीमपुर खीरी के सहिजना गांव में शनिवार देर रात चारपाई पर बच्चों के साथ सो रही महिला को तेंदुआ दबोच ले गया। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने एकत्र होकर तलाश शुरू की तो महिला का शव 50 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के सहिजना गांव में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर में चारपाई पर बच्चों के साथ सो रही महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला को अपने जबड़े में दबोच ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घर से 50 मीटर दूरी पर महिला का शव बरामद हुआ है। घटना के बाद से लोगों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सहिजना गांव निवासी माता प्रसाद मौर्य की पत्नी संध्या देवी (30 वर्ष) रात में घर में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर बच्चों के साथ सो रही थीं। घर खुला होने के कारण रात में एक तेंदुआ उनके घर में घुस आया। तेंदुआ संध्या को जबड़े में दबोचकर घसीटते हुए ले गया। संध्या की चीख सुनकर बच्चे जाग गए। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
खून से लथपथ मिली महिला
ग्रामीण टॉर्च और लाठी-डंडे लेकर महिला की तलाश में निकल पड़े। घर से करीब 50 मीटर दूर तेंदुआ संध्या को छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, वहां संध्या खून से लथपथ पड़ी मिली। संध्या की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सिंगाही थानाध्यक्ष दिलीप चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
ग्रामीणों का गुस्सा फूटा
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव नहीं उठने दिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीण वनकर्मियों पर हमलावर हो गए। करीब 20 मिनट तक हंगामा हुआ। भीड़ में कई लड़के तलवार लहराते हुए देखे गए। पुलिस ऐसे लोगों को चिन्हित करने में जुट गई है।