Lakhimpur Kheri News: गन्ना किसानों की महापंचायत आज, वीएम सिंह होंगे शामिल, तय होगी आगे की रणनीति
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां में बकाया गन्ना भुगतान, नए सत्र का 14 दिन में भुगतान और गन्ने का मूल्य 450 रुपये क्विंटल किए जाने के लिए दो जनवरी से किसानों का चल रहा धरना शनिवार को भी जारी रहा। रविवार को किसानों की महापंचायत होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। महापंचायत में किसान नेता वीएम सिंह शामिल होंगे। कई जिलों से किसानों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
दो जनवरी से अपनी मांगों को लेकर पलिया चीनी मिल के सामने किसान लामबंद होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने मिल के सामने कई मांगों को रखा था। जिस पर मिल ने सहमति भी जताई थी। अब 15 जनवरी को किसान नेता वीएम सिंह की महापंचायत में किसान आगे की रणनीति तैयार करेंगे। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तहसील अध्यक्ष जगपाल सिंह ढिल्लन ने बताया कि महापंचायत की तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं।
महापंचायत में तय होगी आगे की रणनीति
किसान नेता वीएम सिंह दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच महापंचायत में हिस्सा लेंगे। महापंचायत में वीएम सिंह की मौजूदगी में किसान आगे की रणनीति तैयार करेंगे। जगपाल ने कहा कि चीनी मिल प्रशासन तैयार रहे और मौके पर आकर किसानों का कितना रुपया देंगी यह भी बताने के लिए अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर लें।
उन्होंने कहा कि किसान अपने हक का रुपया मांग रहा है और उसको वह किसी भी हाल में लेकर रहेगा। मिल की वादाखिलाफी भी अब किसान बर्दाश्त नहीं करेगा और महापंचायत में अपनी बात खुलकर रखेगा। किसान महापंचायत में लखीमपुर के अलावा अन्य जिलों से भी किसानों के पहुंचने के बारे में कहा जा रहा है।