Lakhimpur Kheri: बस्ती हटाने पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों का हंगामा, पुलिस से झड़प
बस्ती को अवैध बताकर मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हिंदू संगठनों ने सोमवार को कई घंटों तक हंगामा किया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद धरना स्थगित कर दिया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के महेवागंज में अवैध बसे मोहब्बतनगर के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हिंदू संगठनों ने कई घंटों तक हंगामा किया। आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न होने से आक्रोशित लोगों ने पुलिस के सामने ही मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस पर कई बार पुलिस और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। 15 दिन की मोहलत के आश्वासन पर धरना स्थगित किया गया।
उल्ल नदी के पुराने टूटे पुल के समीप बसी मोहब्बतनगर बस्ती में करीब पंद्रह दिन पहले दो समुदायों में खूनी संघर्ष में सैधरी के अमित भार्गव की हुई मौत का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने बस्ती को अवैध बता प्रशासन से इसे हटाने का आग्रह किया था। मामले में हिंदू संगठन और सदर विधायक योगेश वर्मा ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
हिंदू संगठनों ने किया धरना प्रदर्शन
प्रशासन पर मामला ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगा हिंदू संगठन सोमवार को लामबंद हो गए। अवैध बस्ती हटवाने के लिए सैधरी बाइपास किनारे सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। तय कार्यक्रम के तहत सोमवार को संगठन से जुड़े सैकड़ों लोग सुबह सैधरी बाइपास पर इकट्ठा हो गए। टेंट लगाकर धरना शुरू किया। हालांकि, प्रशासन भी पहले से मुस्तैद था। एडिशनल एसपी पवन गौतम, एसडीएम सदर अश्वनी सिंह, सीओ सदर/ट्रेनी आईपीएस विवेक तिवारी, सदर कोतवाल हेमंत राय, नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार सुबह नौ बजे ही पुलिस और पीएसी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, फ्लैग मार्च भी किया।
साढ़े चार घंटे तक प्रदर्शन, ड्रोन से रखी नजर
सुबह दस बजे से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन दोपहर करीब ढाई बजे तक चला। ऐसे में कई बार झड़प की स्थिति पैदा हुई। आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए पुलिस और पीएससी के जवानों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। नौबत लाठी चार्ज तक पहुंची, लेकिन अधिकारियों ने किसी तरह मामले को अंतिम झोर तक संभाले रखा। अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने ड्रोन का इस्तेमाल किया।
शरारती तत्वों ने अराजकता फैलाने की कोशिश की
हिंदू संगठन और अधिकारियों के बीच समझौते के बीच कुछ शरारती तत्वों ने अराजकता फैलाने की कोशिश की। प्रदर्शन में मौजूद महिलाओं को भड़का दिया। काफी संख्या में महिलाएं बस्ती हटाने के लिए आगे बढ़ने लगीं। इससे पुलिस व महिलाओं में कहासुनी हो गई। आक्रोशित महिलाओं ने लखीमपुर-निघासन मार्ग जाम करने का भी प्रयास किया। मौजूद महिला थाना प्रभारी श्रद्धा सिंह ने नाराज महिलाओं को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया।
एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने बताया कि आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया गया। पूरी तरह माहौल शांत है। एसडीएम अपने स्तर से कार्य कर रहे हैं।