Lakhimpur Kheri News: खेत में मिला 17 साल की लड़की का अधखाया शव, 24 जनवरी से थी लापता
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र से लापता 17 साल की लड़की का अधखाया शव रविवार को एक खेत से बरामद हुआ। ग्रामीणों को आशंका है कि किशोरी किसी वन्यजीव का शिकार हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ जांच शुरू कर दी है।
नया गांव निवासी श्रीराम की 17 वर्षीय पुत्री रचना मानसिक रूप से कमजोर थी। वह 24 जनवरी को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस किशोरी को तलाश कर ही रही थी कि रविवार को नया गांव के एक गन्ने के खेत में किशोरी का अधखाया शव बरामद हुआ।
उसके शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव थे। ऐसा लग रहा था कि किसी जानवर ने उसे खाया हो। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वन दरोगा राजेन्द्र वर्मा का कहना है कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
खेत में दिखा बाघ तो उड़े होश
कठिना नदी के पास शनिवार को बाघ ने खेत पर काम कर रहे मजदूर को हमलाकर घायल कर दिया। मजदूर छैल बिहारी पर हमला करने के अगले दिन रविवार दोपहर में भी ग्रामीणों ने बाघ को खेत में टहलते हुए देखा। ऐसे में ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। लोग अपने खेत की ओर जाने से भी बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को मजदूर पूर्व प्रधान हंस राम के खेत में ट्राली में गन्ना लोड रहे थे, तभी बाघ को विचरण करते देख होश उड़ गए। सभी इधर-उधर भागने लगे। वहीं वन विभाग ने बाघ की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की मगर सफलता नहीं मिली।