UP: युवक की मौत के बाद शव देख दंग रह गए परिजन, डॉक्टर पर किडनी निकालने का आरोप, सड़क पर लगाया जाम
लखीमपुर खीरी में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सुमेरनगर गांव निवासी युवक की लखनऊ के अस्पताल में मौत हो गई। उसके परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो उन्होंने पता चला है कि उसके पेट में चीरा लगा है। उन्होंने डॉक्टर पर किडनी निकालने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के सुमेरनगर में रविवार को कर्बला के पास युवक का शव सड़क पर रखकर उसके परिजनों ने जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मृतक के शव से किडनी निकाल ली गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक गांव सुमेरनगर निवासी मोहन के हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। हाथ का ऑपरेशन होना था। इसके लिए परिजनों ने उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां ऑपरेशन से पहले युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने मौत की वजह नहीं बताई और शव उनके सुपुर्द कर दिया। वे लोग शव को लेकर घर आ गए।
अंतिम संस्कार से पहले परिजनों की नजर जब युवक के पेट पर पड़ी तो दंग रह गए। उसके पेट में चीरा लगा हुआ था। परिजन व ग्रामीण शव लेकर सड़क पर आ गए। उन्होंने डॉक्टर पर किडनी निकालने का आरोप लगाया। सूचना पर सीओ पलिया, थानाध्यक्ष फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जांच कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।