फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   Robbery and theft incidents frantic panic

डकैती और चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों से दहशत

Thu, 11 Feb 2016 10:48 PM IST
लखीमपुर खीरी।
लखीमपुर खीरी। Updated Thu, 11 Feb 2016 10:48 PM IST
विज्ञापन
Robbery and theft incidents frantic panic
जिले में बुधवार की रात बदमाशों और चोरों ने कई थाना क्षेत्रों में डकैती तथा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पलिया में पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी में दर्ज किया है। जबकि फरधान में एक दुकान में चोरी करने के बाद चोरों ने उसमें आग लगा दी, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है। नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में एक ही रात चोरों ने पांच घरों से लाखों की नकदी और जेवर पार कर दिए। यहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

--
मोहल्ला किसान में डकैतों का तांडव, जमकर की लूटपाट
पलियाकलां। नगर के मोहल्ला किसान द्वितीय के एक घर में आधा दर्जन से अधिक असलाहधारी  नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों का माल लूट लिया है।  पीड़ित गृहस्वामी के मुताबिक बदमाशों ने असलहों  के दम पर बंधक बना लिया और फिर करीब 45 हजार रुपये की नकदी समेत चांदी और  सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। बंधकों के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने  उनको मुक्त कराया। पुलिस इसे चोरी की घटना बताकर अपना दामन बचाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने मनमुताबिक तहरीर लिखवाकर लूट का मामला चोरी में दर्ज कर लिया है। इससे गुस्साए पीड़ित परिवार और मोहल्ले वालों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
विज्ञापन

बुधवार  की देररात करीब 12.30 बजे मोहल्ला किसान द्वितीय निवासी बाबूराम के घर सभी लोग सो रहे थे। बाबूराम के मुताबिक आठ नकाबपोश बदमाश असलहे लेकर घर में घुस आए और संपूर्णानगर से भागे एक व्यक्ति की तलाशी लेने की बात कहकर असलहे तान दिए। इसके बाद बदमाशों ने घर के सभी सदस्यों को कपड़े आदि से  बांधकर एक कमरे में डाल दिया। फिर बदमाशों ने 37450 रुपये लूट लिए, जिसके बाद उनके बेटे संजय  के पास से दो हजार, पुत्री गीता के पास से पांच हजार, कविता से 300 रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने बक्सों को खंगालकर उसमें रखी सोने की मांग टीका, झुुलनियां, कमर बिछुआ, मंगलसूत्र, दो पायलों समेत  सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। गृहस्वामी के मुताबिक बदमाशों के जाने के बाद उसने चिल्लाना शुरू किया तो पड़ोसियों ने आकर  उन्हें मुक्त कराया। पीड़ित परिवार ने एसपी को फोन कर डकैती पड़ने की सूचना दी। साथ ही पलिया पुलिस को घटना की तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने डकैती के संगीन मामले को दरकिनार करते हुए चोरी का मुकदमा दर्ज किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

थाना पलिया के प्रभारी एसओ केएन सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का प्रतीत हो रहा है। इसमें चोरी की ही तहरीर दी गई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
--
काकूपुरियान में हजारों की चोरी
पलियाकलां। शहर के मोहल्ला काकूपुरियान में चोरों ने एक घर से हजारों का माल पार कर दिया। काकूपुरियान  निवासी जबरुददीन के घर बुधवार की देररात घुसे चोरों ने 14 सौ रुपये की नकदी  समेत तमाम कपड़े पार कर दिए। चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
--
खिड़की के रास्ते घर में घुसे और हजारों ले उड़े
रजागंज। करनपुर निवासी सफाईकर्मी सुनील राठौर के  घर को चोरों ने निशाना बनाया और मकान की खिड़की के रास्ते घर में घुस गए। कमरे का  ताला  तोड़कर  स्टील और माल के कीमती बर्तन चुरा लिए। मकान के अंदर गड्ढा  बनाकर रखे गए सोने, चांदी के लाखों के आभूषण और  बाक्स का ताला तोड़कर  उसके अंदर रखी 50 हजार की नकदी, दो कलाई घड़ी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने  पड़ोस के राजेंद्र  राठौर की टेंट, लाइट हाउस की दुकान का ताला तोड़कर  वीडियो, प्रोजेक्टर, यूको मशीन, बूस्टर, एंप्लीमाइक  समेत घर के कपड़े, बर्तन, सात हजार की नकदी पार कर दी। इसके बाद पड़ोस के हरेराम के घर में कमरे की विंडो से चोर कमरे में घुस गए। कमरे में बक्से का ताला तोड़कर चांदी की सुतिया, सोने के कुंडल, जंजीर को चुरा ले गए।   हरेराम की पुत्री राधा जब सुबह जगी तब कमरे का विंडो खुला देखकर दंग रह  गई और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। कमरे में जाकर देखा   तो बक्से का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है। सीओ गोला अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। चोरी और लूट की घटनाओं का जल्द खुलासा  किया जाएगा।
--
रसूलपुर में रिटायर्ड कानूनगो समेत पांच घरों में चोरी
सिकंद्राबाद। नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में बुधवार की रात चोरों ने रिटायर्ड कानूनगो समेत पांच घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हुए लाखों की नकदी, जेवरात, कारतूस समेत काफी सामान पार कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रसूलपुर निवासी रिटायर्ड कानूनगो शिवप्रसाद अवस्थी ने बताया कि चोरों ने उनके घर में छत से चढ़कर कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी लाखों की नकदी और करीब 10 लाख कीमत के जेवर पार कर दिए है। इसके अलावा उनके घर में रखे 12 बोर के 25 कारतूस भी चोरी कर लिए। जबकि रजनीकांत मिश्रा के घर से चोरों ने 45 हजार की नकदी समेत जेवरात चोरी कर लिए। गांव के ही रामस्वरूप पांडेय, रामकिशोर पांडेय और सर्वेश मिश्रा के घरों को भी चोरों ने निशाना लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्रामीणों ने शीघ्र खुलासे की मांग की है। एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैै। पुलिस की टीम घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
--
चोरी के बाद दुकान में लगा दी आग, लाखों का नुकसान
फरधान। रुकुंदीपुर कस्बे में एक जनरल स्टोर की दुकान में पीछे से नकब लगाकर चोरों ने 12 हजार की नकदी चोरी करने के बाद दुकान में आग लगा दी और फरार हो गए। आग की चपेट में आकर करीब छह लाख कीमत का सामान राख हो गया। सुबह ग्रामीणों ने दुकान से धुंआ उठते देख इसकी सूचना दुकान मालिक को दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

खजांचीपुरवा निवासी जितेंद्र कुमार की गोला रोड पर रुकुंदीपुर कस्बे में जनरल स्टोर की दुकान है। वह थोक और फुटकर सामान के विक्रेता हैं। बुधवार शाम आठ बजे दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए। रात में दुकान में पीछे की तरफ से नकब लगाकर चोर अंदर दाखिल हुए। जितेंद्र ने बताया कि चोरों ने रैक में रखे करीब 12 हजार रुपये चुरा लिए, उसके बाद दुकान में आग लगा दी। इससे तेल, शकर, रिफाइंड, डालडा, नमकीन, बिस्कुट, दाल, साबुन, मसाले, मेवे सहित करीब छह लाख का सामान जल गया। सुबह ग्रामीणों ने दुकान से धुंआ निकलते देखा तब इसकी सूचना जितेंद्र को दी, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया था। दुकान की छत पर सिक्के पड़े हुए थे। जितेंद्र ने किसी से रंजिश से इंकार किया है। माना जा रहा है प्रतिस्पर्धा में किसी ने आग लगाई होगी। लोगों का आरोप है चंद दूरी पर पुलिस पिकेट में ड्यूटी पर तैनात सिपाही सोते रहते हैं। रुकुंदीपुर में आए दिन चोरियां हो रही है इससे व्यापारियों और लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा व्याप्त है। आग की तपिश से पास में ही नितीश फोटो स्टूडियो में भी नुकसान हुआ है।
--
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed