Lakhimpur Kheri: कोचिंग सेंटर के शिक्षक ने छात्रा से की छेड़छाड़, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में लिया
खीरी टाउन में आए दिन छेड़छाड़ और अश्लील हरकत समेत महिला उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कोचिंग सेंटर के शिक्षक पर इसका आरोप लगा है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा के पिता ने कोचिंग सेंटर संचालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए थाना खीरी में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है।
खीरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के पिता ने शनिवार रात खीरी थाने में तहरीर देते हुए कोचिंग सेंटर चलाने वाले शिक्षक पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि कोचिंग में कक्षा 12 में पढ़ने वाली छात्रा से आए दिन आरोपी छेड़छाड़ और धमकी दिया करता था।
तीन मार्च को एक युवती ने बैंक मैनेजर पर लगाया था आरोप
इससे पूर्व में तीन मार्च को कस्बा खीरी की एक युवती ने बैंक मैनेजर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसकी रिपोर्ट भी खीरी थाने में दर्ज है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक में रह चुके मैनेजर सलमान अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
आरोपी सलमान की तलाश की जा रही है। बहुत ही जल्द आरोपी बैंक मैनेजर पुलिस की हिरासत में होगा। वहीं, छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी शिक्षक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की गई है।