UP: लखीमपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में की तोड़फोड़, अब्दुल कलाम की तस्वीर उतार फेंकी
लखीमपुर खीरी में कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को राजनीतिक टकराव चरम पर पहुंच गया। बिहार की राहुल गांधी की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा किया। महिला कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के पास स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय में घुस गईं। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शन बने रहे। घटनाक्रम के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें भाजपा का झंडा लिए महिला कार्यकर्या तोड़फोड़ करती दिख रही हैं।
नेताओं की तस्वीरें उतार फेंकी
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शहीद नसीरुद्दीन मैदान में एकत्रित हुईं। यहां से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्टी कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी कार्यालय में कुर्सियां तोड़ डाली। गांधी परिवार के नेताओं के पोस्टर और तस्वीरें उतारकर फेंक दिया। इतना ही नहीं, कार्यालय में टंगी पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीर को भी उतारकर नीचे गिरा दिया।
तहरीर देकर सभी महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग
पूर्व सांसद रवि वर्मा की अगुआई में एसपी कार्यालय मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर पहुंचे कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंकझोंक हुई। जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में घुसकर भाजपा से जुड़े दर्जनों लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की।
शिकायत के अनुसार पारुल गुप्ता, रश्मी गुप्ता, ज्योति शुक्ला, आशीष गुप्ता समेत करीब 50 लोग कार्यालय में घुसे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए फर्नीचर, कंप्यूटर, बैटरी, कुर्सियां और महापुरुषों की तस्वीरें तोड़ दीं। यह भी लिखा है कि कार्यालय के लॉकर में रखे किराया वसूली के 50 हजार रुपये भी तोड़कर ले लिए गए। आरोप लगाया कि घटना के समय कोतवाली प्रभारी हेमंत राय व तीन सिपाही मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने आरोपियों को रोकने का प्रयास नहीं किया।
एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने कहा कि मामले की तहरीर लेकर कुछ लोग कार्यालय आए थे। शिकायती पत्र की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि हर जिले में विरोध प्रदर्शन था, महिलाओं में आक्रोश है। यहां भी प्रदर्शन के दौरान महिलाएं पहुंची थी। उनके बीच में कुछ बाहरी लोग होंगे, जिन्होंने कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की होगी। भाजपा की महिलाएं ऐसा नहीं कर सकती हैं। इसकी जांच कराई जाएगी।