थप्पड़ कांड: विधानसभा अध्यक्ष से मिले भाजपा विधायक योगेश वर्मा, समर्थन में आए सपा सांसद
लखीमपुर खीरी में थप्पड़ कांड में तहरीर के बाद भी पुलिस ने अब तक भाजपा विधायक योगेश वर्मा की रिपोर्ट नहीं लिखी है। इससे आहत विधायक ने सोमवार को लखनऊ में विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की। योगेश वर्मा के साथ 37 विधायक भी पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में अर्बन कोआपरेटिव बैंक चुनाव के नामांकन में हुई मारपीट का मामले में सोमवार को सदर विधायक योगेश वर्मा ने कई विधायकों के साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। उधर, विधायक और व्यापारी नेता राजू अग्रवाल के समर्थन में व्यापारियों ने अधिकांश बाजार बंद रखा। मामले में सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा ने विधायक के समर्थन में बयान जारी किया है।
नौ अक्तूबर बुधवार को अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध समिति चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के समय जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मार दिया था। मामले में विधायक और व्यापारी नेता राजू अग्रवाल की ओर से अवधेश सिंह, पुष्पा सिंह आदि पर मुकदमा दर्ज कराए जाने को कोतवाली में तहरीर दी गई।
थप्पड़ कांड: तहरीर के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, भाजपा विधायक ने सुरक्षा लौटाई, समर्थकों में बढ़ रहा आक्रोश
कुर्मी महासभा, ब्राह्मण महासभा और कई अन्य संगठनों ने विधायक के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आहत विधायक ने सोमवार को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। विधायक ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा करने को कहा है। बताया कि उनके साथ 37 विधायक मिलने पहुंचे थे।
बोले सांसद- घटना से आम जनता में रोष और भय व्याप्त
बैंक चुनाव में हुए विवाद को लेकर सोमवार को खीरी से सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा का भी बयान सामने आया। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अगर प्रशासन के सामने विधायक सुरक्षित नहीं हैं और घटना के तीन से चार दिन बाद विधायक अपनी एफआईआर नहीं लिखा पा रहे तो यह सोचने की बात है। उन्होंने घटना की एफआईआर दर्ज कराए जाने की अपील भी प्रशासन से की।
सूत्रों के अनुसार, तहरीर के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज विधायक ने बढ़ाई गई पुलिस सुरक्षा वापस कर दी है। इससे पुलिस प्रशासन में खलबली मची हुई है। हालांकि, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने ऐसी किसी भी जानकारी से इन्कार किया है। रविवार को इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें एएसपी पूर्वी और सीओ विधायक के घर से वापस आते दिखाई दे रहे हैं।