लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर पुलिस ने ग्राम मदाराबेहड़ के बुढिया नाला के निकट छापा मारा। पुलिस ने मौके से तीन अंतरजनपदीय शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में बने-अधबने असलहे और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि एसपी के आदेश पर मंगलवार की शाम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला था। अभियान के दौरान ईसानगर पुलिस ने स्वॉट टीम के साथ ग्राम मदारा बेहड़ के निकट बुढिया नाला के पास छापा मारकर असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ ली। पुलिस ने मौके से सीतापुर के थाना व कस्बा तंबौर के मोहल्ला ठकुरन टोला निवासी अनंतरजनपदीय शातिर बदमाश प्रदीप, बिराहीमपुर निवासी रमेश और थाना ईसानगर के गांव सुजावलपुर निवासी विजय गोडिय़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से पांच तमंचा 315 बोर, एक देसी राइफल 315 बोर, दो अधबने तमंचा 12 बोर, एक देसी तमंचा 12 बोर, एक देसी बंदूक 12 बोर, तीन खोखा, भारी संख्या में अधबने शस्त्र व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। तीनों गिरफ्तार बदमाश शातिर अपराधी हैं। लखीमपुर खीरी सहित कई अन्य जनपदों ने हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं।