आपात स्थिति से निपटने को किया गया पूर्वाभ्यास
पडरौना। शहर में दंगा अथवा अन्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को दोपहर बाद पुलिस प्रशासन ने पूर्वाभ्यास किया। इसमें एसपी, एएसपी सहित सभी सीओ और एसओ पुलिस फोर्स के साथ शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने मातहतों के साथ नगर भ्रमण किया और लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। हालांकि नगर में एकाएक इतनी अधिक पुलिस फोर्स देखकर आने-जाने वाले लोग कुछ क्षण के लिए सहम से गए थे, लेकिन बाद में जानकारी होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
एसपी यमुना प्रसाद की अगुवाई में एएसपी लालसाहब यादव, सीओ श्रीशचंद्र और पडरौना कोतवाली के प्रभारी रायसाहब यादव सहित जनपद के सभी सीओ और एसओ पुलिस फोर्स के साथ पडरौना नगर के सुभाष चौक पर एकत्र हुए। उसके बाद एसपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दरम्यान पूरे जिले से पुलिस फोर्स बुलाई गई थी।
पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रायसाहब यादव ने बताया कि दंगा या अन्य कोई भी आपात स्थिति उत्पन्न होने की दशा में उस पर नियंत्रण के लिए पडरौना शहर को चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया है। चारो जोन की कमान सभी सीओ संभालेंगे, जबकि सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थानेदारों को सौंपी गई है। आपात स्थिति उत्पन्न होने पर जिन सीओ और थानेदार को जिस क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे तत्काल पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंच जाएंगे। इसके लिए सोमवार को पूर्वाभ्यास किया गया।
उधर, नगर के सुभाष चौक और अन्य स्थलों पर पुुलिस फोर्स देख रास्ते से गुजर रहे लोग किसी अनहोनी की आशंका से कुछ देर के लिए सहम गए थे। वे इस बारे में आसपास मौजूद लोगों से पूछने लगे। बाद में उन्हें मालूम हुआ कि दंगा नियंत्रण के लिए यह पुलिस प्रशासन का पूर्वाभ्यास है, तब जाकर उन लोगों ने राहत की सांस ली।