फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   suger mill closed following rampage

तोड़फोड़ और हंगामे के बाद ढाढा चीनी मिल बंद

Tue, 20 Nov 2018 11:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Updated Tue, 20 Nov 2018 11:28 PM IST
विज्ञापन
suger mill closed following rampage
कुशीनगर के ढाढ़ा चीनी मिल में विधायक समर्थकों ने हंगामा किया। गंस्ट हाउस में तोड़फोड़ के बाद बिखरीं कुर्सियां और सामान। - फोटो : अमर उजाला
हाटा (कुशीनगर)। निमंत्रण कार्ड में मुख्य अतिथि के रूप में विधायकों का नाम नहीं छपने से नाराज समर्थकों ने मंगलवार को न्यू इंडिया शुगर मिल ढाढा के कर्मचारियों से हाथापाई की और मिल के गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ की। पेराई सत्र के पहले ही दिन प्रबंधन ने अनिश्चितकाल के लिए मिल को बंद कर दिया। इससे गन्ना किसानों के समक्ष संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन

 

हाटा क्षेत्र के ढाढा शुगर मिल में पेराई सत्र के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए मिल प्रबंधन की ओर ओर वितरित आमंत्रण पत्र में बतौर मुख्य अतिथि डीएम और एसपी का नाम अंकित था। विधायक हाटा और कसया का नाम कार्ड में नहीं था। मंगलवार को डीएम के जिले से बाहर होने के चलते एसपी राजीव नारायण मिश्र और अपर आयुक्त अजयकांत सैनी ने पेराई सत्र का उद्घाटन किया।

विज्ञापन

 

कार्यक्रम के कुछ ही देर बाद हाटा विधायक पवन केडिया और कसया विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी भी समर्थकों के साथ चीनी मिल पर पहुंच गए। तब तक उद्घाटन कार्यक्रम समाप्त हो गया था। मिल प्रबंधन पर विधायकों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर उनकी मिल के कर्मचारियों से कहासुनी होने लगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

अधिकारियों और मिल प्रबंधन से जुड़े लोगों के गेस्ट हाउस में होने की जानकारी होने पर समर्थक वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। विधायक समर्थकों का आरोप था कि मिल प्रबंधन ने जन प्रतिनिधियों का अपमान किया है। उन्होंने सफाई दे रहे मिल कर्मचारियों से हाथापाई शुरू कर दी। विधायक समर्थकों ने टेबल पर लगी खाने की प्लेटें और मेज-कुर्सी तोड़फोड़ दीं। कुछ लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया।


इस मामले में हाटा विधायक पवन केडिया ने कहा कि वह मिल पर पहुंचे तो पेराई सत्र का उद्घाटन हो चुका था। इस पर उनके समर्थकों ने नाराजगी जताई। इस दौरान पता चला की मिल की ओर से तौल के लिए क्षेत्रवार समय सीमा तय की गई है। उसके बारे में पूछने पर मिल के कर्मचारी बिफर पड़े, जिससे नाराज समर्थकों से कहासुनी हो गई। जबकि विधायक कसया रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि वह कार्यक्रम में गए जरूर थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम समाप्त हो चुका था। उसके बाद वह लौट गए। उसके बाद मिल पर क्या हुआ, उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

प्रबंधन ने अनिश्चित काल के लिए बंद की चीनी मिल
न्यू इंडिया शुगर मिल ढाढा के जीएम करन सिंह का कहना है कि पेराई सत्र के पहले ही दिन विधायकों के समर्थकों ने मिल कर्मचारियों से विवाद किया और तोड़फोड़ की। इस घटना से मिल मालिक को अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देश पर मिल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इसकी सूचना सीएम, मुख्य सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। मिल की सुरक्षा के लिए प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है।

विधायकों और समर्थकों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
हाटा/ कुशीनगर। पेराई सत्र के पहले ही दिन ढाढा चीनी मिल पर विधायकों के समर्थकों और मिल कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ रहा है। मंगलवार की रात में मिल प्रबंधन की ओर से हाटा और कसया के विधायकों सहित उनके तमाम समर्थकों के नाम से हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।

जबकि दूसरी ओर विधायक समर्थकों ने भी मिल प्रबंधन और उनके कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। हाटा कोतवाल गजेंद्र राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी। जबकि एसपी राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed