कोरोना नियंत्रण में बेहतर कार्य करने पर बीईओ सम्मानित
तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। कोरोना संक्रमण की रोकथाम में प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी उठानी है ताकि सभी को कोरोना कवर हासिल हो सके। यह बात कसया के एसडीएम वरुण कुमार पांडेय ने कही। वह शुक्रवार को फाजिलनगर बीआरसी के सभागार में कोरोना वेरिफायर के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बीईओ फाजिलनगर को सम्मानित कर रहे थे। उन्होंने बीईओ को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करते हुए कहा कि फाजिलनगर सीएचसी के गांवों में प्रत्येक व्यक्ति तक फोन कर वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करना कठिन कार्य था, लेकिन बीईओ ने जिम्मेदारी उठाई और 184 विद्यालयों से प्रत्येक शिक्षकों को वेरिफायर बनाकर लोगों को जागरूक किया। बीईओ फाजिलनगर दयानन्द चन्द ने कहा कि पांच चरणों में 184 शिक्षकों और 10 नोडल शिक्षकों ने कसया तहसील से लेकर बीआरसी फाजिलनगर के सभागार तक आकर पूरी तन्मयता से करीब पच्चास हजार लोगों से संपर्क करके टीकाकरण कराने की अपील की। वेरिफायर कार्य में लगे शिक्षकों को शिक्षक नेता विद्यासागर पांडेय, फरहद अली, यशशिंद्र त्रिपाठी, अमर सिंह, कलमदनी सिंह, दीपक सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान एआरपी, जितेंद्र सिंह, अखिलेश शुक्ला, दिनेश सिंह, कुसुम दिवेदी, मधुलिका, सुनील त्रिपाठी, राधे रमण सिंह, इमरान, जुबेर अंसारी, अफजल अली, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।