पडरौना। परसौनी कला की हरिजन बस्ती निवासी गोविंद प्रसाद के घर में शनिवार को मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय उठी चिंगारी ने एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। देखते ही देखते आग ने घर में रखा सामान अपनी चपेट में ले लिया। परिवार की आंखों के सामने उनकी वर्षों की जमा-पूंजी और जरूरत का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने से लेकर खाने, पहनने और छोटे बच्चों की परवरिश तक का संकट खड़ा हो गया।
आग लगने की जानकारी मिलने पर नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवार का हाल जाना। परिवार की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इसमें आटा, चावल, दाल, तेल, साबुन, गैस सिलिंडर, चूल्हा, चौकी, गद्दा, तकिया, रजाई, तिरपाल, कपड़े और बच्चों की जरूरत का सामान शामिल रहा। रोजमर्रा की जरूरत की अधिकतर सामग्री मिलने से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिली।
इस दौरान सभासद संतोष मद्धेशिया, पप्पू मद्धेशिया, मुकेश भारती, मोहन मद्धेशिया, हंसराज, सुदेश, छोटेलाल, बबलू, अच्छेलाल आदि मौजूद रहे।