{"_id":"6aa75034ca9f6e611e080c5d","slug":"rajasthan-civic-election-results-bjp-congress-strength-to-be-determined-across-309-civic-bodies-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: किसके पक्ष में है शहरों का मूड? 309 निकायों में भाजपा-कांग्रेस की ताकत का फैसला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: किसके पक्ष में है शहरों का मूड? 309 निकायों में भाजपा-कांग्रेस की ताकत का फैसला
Mon, 14 Sep 2026 07:09 AM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Mon, 14 Sep 2026 07:09 AM IST
सार
Rajasthan Nikay Chunav Result: राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव-2026 के 309 निकायों के 10,167 वार्डों की मतगणना आज होगी। दो चरणों में 72.95 प्रतिशत मतदान हुआ। जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर समेत 10 नगर निगमों के परिणाम पर खास नजर रहेगी।
विज्ञापन
राजस्थान के 309 निकायों में किसकी बनेगी सत्ता?
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान के नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब आज 14 सितंबर को नतीजों की बारी है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10,167 वार्डों में जनता ने जिन प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है, उनका फैसला सोमवार यानी आज मतगणना के साथ सामने आएगा। इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं।
विज्ञापन
दो चरणों में हुए चुनाव में कुल 1 करोड़ 45 लाख 15 हजार 873 मतदाताओं में से 1 करोड़ 5 लाख 89 हजार 718 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य में कुल मतदान 72.95 प्रतिशत रहा। अब इन वोटों की गिनती के साथ ही नगर निकायों में नई सत्ता की तस्वीर साफ हो जाएगी।
विज्ञापन
10 नगर निगमों समेत 309 निकायों के नतीजे
आज जिन निकायों के नतीजे आएंगे, उनमें प्रदेश के सभी 10 नगर निगम- जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, भीलवाड़ा और पाली शामिल हैं। इसके अलावा 47 नगर परिषदों और 252 नगरपालिकाओं के परिणाम भी घोषित होंगे। दो चरणों में हुए चुनाव में कुल 10,167 वार्डों के लिए मतदान हुआ। पहले चरण में 5,393 और दूसरे चरण में 4,774 वार्ड शामिल रहे।
विज्ञापन
पढ़ें: कल सुबह आठ बजे खुलेगी ईवीएम, छह निकायों के प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
पहले चरण में 162 निकाय, दूसरे में 147
9 सितंबर को पहले चरण में 162 नगरीय निकायों में मतदान हुआ। इनमें 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल थीं। इस चरण में 5,393 वार्डों के लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 20,623 प्रत्याशी मैदान में थे। 57,52,278 मतदाताओं में से 43,95,853 ने वोट डाला। इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण में 147 निकायों में मतदान हुआ। इनमें 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगरपालिकाएं शामिल थीं। इस चरण में 4,774 वार्ड, 9,758 मतदान केंद्र और 18,266 प्रत्याशी थे। 87,63,595 मतदाताओं में से 61,93,865 ने मतदान किया।
72.95 फीसदी वोटिंग, अब किसके पक्ष में गया वोट?
दोनों चरणों को मिलाकर 72.95 फीसदी मतदान हुआ है। खास बात यह रही कि छोटे नगर निकायों में कई जगह मतदान प्रतिशत बड़े शहरों से अधिक रहा। ऐसे में आज के परिणामों में स्थानीय मुद्दों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों और बागियों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। बड़े शहरों में भी मतदान के अलग-अलग ट्रेंड देखने को मिले। जोधपुर में 71.10 फीसदी और पाली में 70.94 फीसदी मतदान हुआ, जबकि उदयपुर में 67.26, अजमेर में 63.65 और जयपुर में 62.88 फीसदी वोट पड़े।
जयपुर समेत बड़े शहरों पर नजर
राजधानी जयपुर में नगर निगम क्षेत्र के 24.33 लाख से ज्यादा मतदाताओं में से करीब 15.30 लाख ने वोट डाला। अब इन वोटों से किस पार्टी को बढ़त मिलती है और निर्दलीय कितने वार्डों में बाजी मारते हैं, इस पर सभी की नजर है। आज की मतगणना के साथ ही यह भी साफ होगा कि भाजपा-कांग्रेस की सीधी टक्कर में किसका पलड़ा भारी रहा, कहां बागियों ने समीकरण बिगाड़े और किन वार्डों में निर्दलीयों ने दोनों प्रमुख दलों को चुनौती दी।