अवैध वसूली : वाहन चेकिंग के नाम पर उगाही से भड़के ग्रामीण, घेरी पुलिस चौकी
बैरमपुर गांव के कोटेदार भैयालाल की गाड़ी का शुक्रवार को चालान किया गया था। रविवार को भैयालाल का बेटा महेवाघाट की तरफ जा रहा था तभी पुलिस ने उसे फिर चेकिंग के नाम पर रोक लिया।
विस्तार
कोतवाली के बैरमपुर पुलिस चौकी में तैनात एक सिपाही पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नाराज ग्रामीणों ने रविवार को चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना था कि चौकी में तैनात एक सिपाही बाजार के दिन वाहन चेकिंग लगाकर लोगों से अवैध वसूली करता है। पैसे नहीं देने पर गाड़ी का चालान कर दिया जाता है या फिर सवार के साथ बदसुलूकी की जाती है।
बैरमपुर गांव के कोटेदार भैयालाल की गाड़ी का शुक्रवार को चालान किया गया था। रविवार को भैयालाल का बेटा महेवाघाट की तरफ जा रहा था तभी पुलिस ने उसे फिर चेकिंग के नाम पर रोक लिया। इसकी जानकारी होने के बाद तमाम ग्रामीण व व्यापारी चौकी पहुंचे और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि बुधवार व रविवार को बैरमपुर में बाजार लगती है।
पुलिस जान बूझकर इसी दिन वाहन चेकिंग करती है। जिसकी वजह से लोग बाजार में खरीदारी नहीं करने आ रहे। इसकी जानकारी पर पहुंचे चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बाजार के दिन चेकिंग नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लोग खुद ही सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें। इसके बाद ग्रामीण व व्यापारी वापस लौट गए।