Kaushambi: नाबालिग के अपहरण का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, पुलिस ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम
कौशांबी में नाबालिग के अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता शिवबाबू मौर्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे सैनी पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
विस्तार
कौशांबी में नाबालिग के अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता शिवबाबू मौर्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे सैनी पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। डी फार्मा की पढ़ाई कर चुके इस शख्स ने पांच अप्रैल को बरामदे में सो रहे किशोर को अगवा कर 25 लाख रुपये फिरौती मांगने की साजिश रची थी। वारदात के तीन अन्य आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य साजिशकर्ता शिवबाबू पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। प्रयागराज एसटीएफ ने शिवबाबू को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
सैनी कोतवाली के पहाड़पुर कोदन गांव निवासी किसान भारत विश्वकर्मा का पुत्र प्रतीक उर्फ रितिक (13) कक्षा पांच का छात्र है। पांच अप्रैल रात वह घर के बरामदे में अपने बड़े भाई शिवा के साथ सो रहा था। बगल की चारपाई पर उसके बाबा राम शिरोमणि विश्वकर्मा भी थे। रात करीब 11 बजे बाबा की नींद खुली तो देखा कि कुछ लोग बरामदे से सड़क की ओर भाग रहे हैं। चारपाई पर नजर पड़ी तो नाती प्रतीक गायब था। उन्होंने शोर मचाया तो परिजन और पड़ोसी जाग गए। घटना की सूचना यूपी-112 कंट्रोल रूम को दी गई।
सूचना के बाद तत्कालीन एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जिले की सीमाएं सील करा दी थीं। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह पुलिस ने कड़ा कोतवाली के ख्वाजा कड़क शाह की दरगाह के पास मिट्टी की खदान के समीप एक संदिग्ध कार को देखा। उसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह लोग कार से उतरकर पैदल भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से तीन बदमाश जख्मी हो गए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कार से अगवा किशोर बरामद कर लिया था। पकड़े गए बदमाश करारी कोतवाली के चक सैयदअलीपुर निवासी सुभाष चंद्र विश्वकर्मा, अमुरा निवासी गुड्डू यादव व अड़हरा निवासी अमित यादव हैं। एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 25 लाख रुपये फिरौती मांगने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.