Kaushambi News : एक-एक कर निकल गए स्कूल बस के दो पहिये, बाल-बाल बचे बच्चे
कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल भरवारी की बस रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी फतेहपुर जिले के धाता क्षेत्र से बच्चों को लेते हुए विद्यालय जा रही थी। रास्ते में चक गांव के पास अचानक एक-एक करके बस के दोनों पिछले पहिये निकलकर बाहर हो गए। इससे बस रुक गई।
विस्तार
नगर कोतवाली के चक गांव के समीप शनिवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली बस के एक-एक कर दोनों पिछले पहिये निकलकर बाहर हो गए। पहिये की चपेट में आने से सड़क किनारे खेल रहा ढाई वर्षीय मासूम जख्मी हो गया। वहीं, बस सवार बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे की जानकारी होते ही बच्चों के परिजन सहम गए। बच्चों की कुशलता जानने के बाद सभी ने राहत महसूस की।
कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल भरवारी की बस रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी फतेहपुर जिले के धाता क्षेत्र से बच्चों को लेते हुए विद्यालय जा रही थी। रास्ते में चक गांव के पास अचानक एक-एक करके बस के दोनों पिछले पहिये निकलकर बाहर हो गए। इससे बस रुक गई।
गनीमत रही कि बस पर सवार कोई भी विद्यार्थी हताहत नहीं हुआ। चालक राजेश मिश्रा ने बताया कि थोडी-थोड़ी दूर से बच्चों को लेना पड़ रहा था, इसलिए बस की स्पीड काफी कम थी। नहीं तो, बड़ा हादसा हो सकता था।
दूसरी तरफ बस से निकले पहिये की चपेट में आने से सड़क किनारे खेल रहा जुबरा निवासी मंजेश का ढाई वर्षीय बेटा दिव्यांशू जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे मंझनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिव्यांशु की ननिहाल चक गांव में है। इन दिनों वह अपनी मां के साथ ननिहाल आया है।
उधर, हादसे की जानकारी होते ही बस सवार बच्चों के अभिभावक सहम गए। आसपास रहने वाले बच्चों के अभिभावक भागकर मौके पर पहुंच गए। बाकी बच्चों के अभिभावकों ने बस चालक और स्कूल के शिक्षकों को फोन कर स्थिति की जानकारी ली। कोई अप्रिय घटना न होने की जानकारी मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। प्रबंधन की ओर से दूसरी बस भेजकर बच्चों को स्कूल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिली है। स्कूल बस की फिटनेस और इंश्योरेंस समेत सभी कागजात वैध हैं। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जाएगी। - तारकेश्वर मल्ल, एआरटीओ