स्वतंत्रता दिवस पर जेल प्रशासन की तरफ से दिए जाने वाले कमेंडेशन अवार्ड के लिए जेल अधीक्षक बीएस मुकुंद का नाम चयनित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डीआईजी जेल अधीक्षक को प्रयागराज में सम्मानित करेंगे। प्रदेश के महज छह अधीक्षकों को इस अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। जिसमें जिला जेल के अधीक्षक बीएस मुकुंद का नाम भी शामिल किया गया है। मूलत: आगरा के रहने वाले बीएस मुकुंद वर्ष 1991 में सेवा में आए हैं। कौशांबी से पहले वह बुलंदशहर, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, जौनपुर, मैनपुरी आदि जनपदों में अपनी सेवा दे चुके हैं। नौ जुलाई 2017 को बीएस मुकुंद की तैनाती जिला जेल में हुई। इस दौरान तमाम चुनौतियां थीं।
पश्चिम के कुख्यात सुशील मूंछ के बेटे मंजीत सोनी, सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी व पूर्वांचल के तमाम कुख्यात अपराधी जिला जेल भेजे गए। यहां के प्रबंधन को देखते हुए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की तरफ से वर्ष 2018 व 2019 में जेल अधीक्षक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया था। अब जेल अधीक्षक का नाम कमेंडेशन अवार्ड के लिए चयनित हुआ है। जेल अधीक्षक मुकुंद का कहना है यह पदक उत्कृष्ठ सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।