UP: नौ बच्चों की मां के सिर पर चढ़ा प्यार का ऐसा भूत, पति का गला दबाया, प्रेमी ने दांतों से नाक काटी; गिरफ्तार
हत्यारोपी प्रेमी हनीफ ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने हत्या के दौरान दांतों से रतिराम की नाक काट ली। इससे उसके कपड़ों पर खून लग गया। जिसे उसने खेत में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पति रतिराम की हत्या करने वाली नौ बच्चों की मां रीना और उसके प्रेमी हनीफ को पुलिस ने सोमवार को दरियावगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस को इनसे मिली जानकारी के मुताबिक प्रेम संबंध में बाधा बनने पर दोनों ने रतिराम की हत्या की थी। वारदात के बाद दोनों भाग गए थे और बार-बार लोकेशन बदलने के कारण पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
पटियाली के भरगैन कस्बा में 22 जून को ट्यूबवेल की हौज में रतिराम निवासी गांव उलियापुर थाना कायमगंज जनपद फर्रुखाबाद की सड़ी-गली लाश मिली थी। रतिराम के भाई अरविंद ने भाभी रीना और उसके प्रेमी हनीफ निवासी कस्बा भरगैन थाना पटियाली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने सोमवार को बताया कि रतिराम की हत्या करने वाली पत्नी रीना और उसके प्रेमी हनीफ को दरियावगंज रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि रीना और हनीफ के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे। दोनों तीन से चार बार पहले भी एक साथ भागकर इंदौर जा चुके थे। पति रतिराम उनके प्रेम संबंध में बाधा बन रहा था इसलिए दोनों ने उसे रास्ते से हटा दिया।
छाती पर बैठकर गला दबाया, दांतों से नाक काटी
रतिराम को बेहद बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया था। साजिश के तहत रीना शौच के बहाने रतिराम को खेत पर बुलाकर ले गई। जहां प्रेमी हनीफ संग पत्नी रीना ने पहले छाती पर बैठकर उसका गला दबाया। घुटने से सीने पर कई बार जोरदार वार किए। इतने से गुस्सा शांत नहीं हुआ तो हनीफ ने दांतों से उसकी नाक काट ली। इससे रतिराम की मौके पर ही मौत हो गई। रतिराम को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों ने उसके शव को ट्यूबवेल की हौज में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
एक साल से हत्या की रच रहे साजिश
हत्यारोपी पत्नी रीना ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह हनीफ से प्यार करती है। जिसका रतिराम विरोध करता था। शराब पीकर झगड़ा करता था। एक साल पहले से वह प्रेमी हनीफ के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच रही थी। 18 जून की रात इसी के तहत रीना ने हनीफ के साथ मिलकर रतिराम की हत्या कर दी।
खेत में छिपाए खून से सने कपड़े
हनीफ ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने हत्या के दौरान दांतों से रतिराम की नाक काट ली। इससे उसके कपड़ों पर खून लग गया। जिसे उसने खेत में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। फिर लाश को ट्यूबवेल की हौज में फेंककर दोनों फरार हो गए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सने कपड़े खेत से बरामद कर लिए हैं।
बाबा के पास रहेंगे छह बच्चे
रतिराम और रीना के नौ बच्चे हैं। तीन की शादी हो चुकी है। जबकि छह उनके साथ भरगैन में रहते थे। पति को मौत के घाट उतारने के बाद रीना छह बच्चों को अकेला छोड़कर प्रेमी हनीफ के साथ फरार हो गई थी। रतिराम की हत्या हो चुकी है और रीना उसके कत्ल के इल्जाम में सलाखों के पीछे पहुंच चुकी है। ऐसे में पुलिस ने उनके छह बच्चों को बाबा के सुपुर्द कर दिया है। वो बच्चों को साथ में फर्रुखाबाद ले गए हैं।
रतिराम के हत्या के मामले में पत्नी रीना और हनीफ को दरियावगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। रतिराम इसमें बाधा बन रहा था इसलिए दोनाें ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। -राजेश भारती, एएसपी
संबंधित वीडियो-
यह भी पढ़ें- प्रेमी का प्यार पाने पहुंची प्रेमिका: आशिक की जगह घर पर मिली पत्नी, कमरा बंद करके हुआ कुछ ऐसा, लग गई भीड़