जल संकट होगा खत्म: कानपुर के बड़े मोहल्लों में बैराज से पहुंचेगा पानी, 80 हजार लोगों को मिलेगी राहत
जेएनएनयूआरएम के तहत 10 साल पहले 629 करोड़ की लागत से पाइप लाइनें बिछाई गईं थीं। शहर के चार बड़े मोहल्लों में बैराज से पानी पहुंचाने की योजना थी, लेकिन पाइप लाइनों में कई गैप छोड़ दिए थे। इस कार्य को पूरा करने के लिए अब विभाग ने टेंडर डाले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जल निगम की लापरवाही के कारण दस साल पहले जिन चार मोहल्लों को बैराज से पानी नहीं मिल पाया था। अब उसकी भरपाई की तैयारी की जा रही है। विभाग ने पाइप लाइन तो बिछा दी थीं, लेकिन उसे कई जगह जोड़ना भूल गया था। इसका खामियाजा हजारों की आबादी उठा रही थी।
अब बाबूपुरवा सहित चार मोहल्लों में पानी किल्लत से जूझ रहे करीब 80 हजार लोगों को जल्द ही राहत मिलेगी। इन मोहल्लों में गंगा बैराज से पानी पहुंचेगा। जल निगम मुख्य पाइप लाइन को जोड़ने के साथ ही घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाएगा। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
बाबूपुरवा, रत्तूपुरवा (ट्रांसपोर्ट नगर), झकरकटी और दादा नगर में जलकल विभाग पानी की आपूर्ति करता है। झकरकटी इलाके में बेनाझाबर वॉटर वर्क्स से पानी आता है लेकिन ज्यादा दूरी होने की वजह से नाममात्र का पानी पहुंच पाता है। आए दिन पानी की आपूर्ति ठप रहती है।
इसी तरह बाबूपुरवा, रत्तूपुरवा और दादा नगर में गुजैनी वॉटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति ठीक से न होने के कारण लोग पानी के लिए तरसने को मजबूर रहते हैं। इन मोहल्लों में पानी की आपूर्ति के लिए जल निगम ने 10 साल पहले जेएनएनयूआरएम योजना के तहत मुख्य पाइप लाइन बिछाई थीं।
उस समय लापरवाह अफसरों ने मुख्य पाइप लाइन बिछाते समय कई जगह गैप छोड़ दिए थे। मोहल्लों में डिस्ट्रीब्यूशन लाइन (छोटी पाइप लाइन) भी नहीं बिछाई थी। इस वजह से घरों में बैराज का पानी नहीं पहुंच पा रहा था।
मंगाए गए हैं ई-टेंडर
जल निगम बैराज इकाई के परियोजना प्रबंधक विशाल सिंह के अनुसार इन चारों मोहल्लों में वितरण प्रणाली बिछाने (घरों तक पानी पहुंचाने के लिए मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने) और बीच-बीच में छूटे मुख्य पाइप लाइन के गैप पूरे करने के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए हैं। टेंडर 17 मई को दोपहर तीन बजे तक डाउनलोड कर ऑनलाइन डाले जा सकते हैं, जो उसी दिन शाम 3:30 बजे खुलेंगे। घरों तक पानी पहुंचने में कम से कम छह महीने लगेंगे।