Nikay Chunav: फतेहपुर, हरदोई, उन्नाव और जालौन में हुआ मतदान, प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद
UP Nikay Chunav Municipal Election 2023 Voter List, Voting Percentage: नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को फतेहपुर, हरदोई, उन्नाव और जालौन में मतदान हुए। इसके साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सदर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के 11, बिंदकी में पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर पंचायत कारीकान धाता में 18, किशनपुर नगर पंचायत में 14 प्रत्याशी, खखरेरू में 17 और असोथर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए 27 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायत खागा में अध्यक्ष पद के आठ और हथगाम नगर पंचायत में भी अध्यक्ष पद के आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायत बहुआ में 13 और नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद में अध्यक्ष पद के 11 दावेदारों ने भाग्य आजमाया। इसी तरह सभासद पद के लिए फतेहपुर नगर पालिका से 210, बिंदकी से 137, नगर पंचायत कारीकान धाता से 98, किशनपुर से 33, खखरेरू से 109, असोथर नगर पंचायत से 119 सभासद पद के प्रत्याशी हैं। नगर पंचायत खागा से 182, हथगाम से 74, बहुआ से 47 और धाता नगर पंचायत से विभिन्न वार्डों से 93 प्रत्याशी हैं। इसी तरह से अध्यक्ष और सभासद मिलाकर कुल 1229 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता ने सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतपत्र में मुहर लगाकर किया।
हरदोई: पालिकाओं में सांडी और नगर पंचायतों में गोपामऊ अव्वल
नगरीय निकाय के चुनाव में गुरुवार को हुए मतदान में नगर पालिका परिषद की अपेक्षा नगर पंचायतों के मतदाता मताधिकार के प्रति कुछ अधिक जागरूकता दिखाई दिए। मताधिकार के मामले में नगर पालिका पालिका परिषद सांडी इस बार भी अव्वल रही। नगर पंचायतों में गोपामऊ अव्वल रही है। नगर पालिका परिषद सांडी में 73.24 प्रतिशत और नगर पंचायत गोपामऊ में 80.57 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार किया।
गुरुवार को हुए मताधिकार पर गौर पर करें तो नगर पालिका परिषद के सापेक्ष नगर पंचायतों में मताधिकार के प्रति लोगों में जागरूकता दिखाई दी। सुबह नौ बजे के मतदान प्रतिशत में नगर पालिका परिषद शाहाबाद में सर्वाधिक 12.82 प्रतिशत था, जबकि नगर पंचायत पाली में 16.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। सुबह 11 बजे तक नगर पालिका परिषद सांडी में 28.63 प्रतिशत, जबकि नगर पंचायत पाली में 33.81 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक नगर पालिका परिषद सांडी में 44.46, जबकि नगर पंचायत बेनीगंज में 50.07 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार किया था।
अपराह्न तीन बजे तक नगर पालिका परिषद सांडी में 58.21 प्रतिशत, जबकि नगर पंचायत कुरसठ में 65.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। शाम पांच बजे तक नगर पालिका परिषद सांडी में 69.99, जबकि नगर पंचायत कुरसठ में 77.12 प्रतिशत मताधिकार हुआ। वर्ष 2017 के चुनाव में नगर पालिका पालिका परिषद सांडी में सर्वाधिक 72.17 प्रतिशत और नगर पंचायत कुसरठ में 78.85 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार किया था।
प्रेक्षक, डीएम सहित अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा
नगरीय निकाय चुनाव की मतदान व्यवस्था, प्रक्रिया के निरीक्षण के लिए प्रेक्षक केके गुप्ता, जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निकायों में भ्रमण पर रहे। नगर पालिका परिषद संडीला में चुनाव व्यवस्था का एडीजी पीयूष मोर्डिया ने जायजा लिया। प्रेक्षक ने शहर के वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पिंक मतदान केंद्र सहित कई केंद्रों और कंट्रोल रूम व शिकायत कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी। डीएम और एसपी ने नगरीय निकाय हरदोई, बेनीगंज, संडीला, मल्लावां, माधौगंज, बिलग्राम, सांडी, पाली और शाहाबाद के मतदान केंद्रों निरीक्षण किया।
उन्नाव: मतपेटियों में कैद हुई 1434 प्रत्याशियों की किस्मत, फैसला 13 को
निकाय चुनाव में किस्मत आजमाने वाले अध्यक्ष पद के 163 और सदस्य के 1271 प्रत्याशियों के लिए जनादेश मतपेटियों में बंद हो गया। मतदाताओं ने किसके सिर जीत का सेहरा बांधा और किसे नकार दिया, इसकी जानकारी अब आगामी 13 मई को होने वाली मतगणना में ही पता चल पाएगा। जिले में तीन नगर पालिका और 16 पंचायत सीटों के अध्यक्ष पद के लिए 163 और 266 वार्ड सदस्य पर 1271 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
गुरुवार शाम छह बजे मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को सील करके कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांगरूम पहुंचाया गाया। कई निकायों में शाम छह बजे तक मतदाता पहुंचे। समयसीमा के अंदर पहुंचे मतदाताओं के मत डलवाए गए, जिस कारण मतदान में समय लग गया। इसके चलते पोलिंग पार्टियां देर शाम तक केंद्र में मतदान प्रपत्रों का मिलान और उन्हें उच्चाधिकारियों को रिसीव कराने में व्यस्त रहीं। सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में तहसील क्षेत्रों में बनवाए गए स्ट्रांगरूम में रखवाया गया। सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल प्रत्येक स्ट्रांगरूम की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।
मतगणना के लिए यहां रखी गईं मतपेटियां
- नगर पालिका उन्नाव, गंगाघाट व अचलगंज-डीएसएनपीजी कॉलेज
- बांगरमऊ, फतेहपुर चौरासी व गंजमुरादाबाद-राजकीय बालिका इंटर काॅलेज बांगरमऊ -सफीपुर, कुरसठ व ऊगू-महात्मा गांधी इंटर काॅलेज सफीपुर
- मोहान, हैदराबाद, रसूलाबाद, न्योतनी, औरास व नवाबगंज-कुं. रामभरोसे सिंह महाविद्यालय हसनगंज -बीघापुर व भगवंतनगर-बाबू जयशंकर गया प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय छांछीराईखेड़ा -पुरवा व मौरावां-श्रीठाकुरजी महाराज महाविद्यालय ऊंचगांव किला
फर्जी आईडी पर मतदान करने को लेकर हुआ विवाद
दोपरापुर मोहल्ले में बने मतदान स्थल पर फर्जी आईडी पर वोट डालने को लेकर सपा और भाजपा प्रत्याशियों में विवाद हो गया। घटना के बाद सपा प्रत्याशी वहां से निकले और अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा और पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। भाजपा नगर अध्यक्ष की सूचना पर सीओ और कोतवाल पहुंचे। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि सपा पक्ष के लोगों ने तमंचा भी लहराया है। पुलिस जांच कर रही है।
दोपरापुर मोहल्ले में भाजपा प्रत्याशी दिनेश चौरसिया उर्फ भंडारी और सपा प्रत्याशी यासीन अहमद उर्फ शीबू चुनाव लड़ रहे थे। भाजपा प्रत्याशी का आरोप है कि सपा प्रत्याशी फर्जी आधार कार्ड पर मतदान करना चाह रहे थे। इसका विरोध करने पर वह पहले मारपीट पर उतर आए। बाद में और लोगों को आता देख भाग निकले। कुछ देर बाद वह अपने कई साथियों के साथ आकर पथराव शुरू कर दिया। पथराव की सूचना पर नगर महामंत्री अवनीश गुप्ता पहुंचे और सीओ को घटना की जानकारी दी। पथराव की सूचना पर सीओ सिटी आशुतोष कुमार और कोतवाल राजेश पाठक फोर्स के साथ पहुंचे। फोर्स को आता देख सपा प्रत्याशी समर्थकों के साथ भाग निकले।
कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि आपसी विवाद हुआ था। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निकायों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव निपट गया। पहले चरण में जिले की चार नगर पालिका और सात नगर पंचायत के लिए गुरुवार को वोट डाले गए। मतदान प्रतिशत कुल 57.98 रहा। चुनावी समर में 11 अध्यक्ष पदों के लिए 97 और 185 सभासदों के लिए 947 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतदाताओं ने कुल 1044 प्रत्याशियों की किस्मत को मतपेटियों में कैद कर दिया। अब इस पूरी कवायद का पिटारा 13 मई को खुलेगा। जिले में सबसे अधिक मतदान (73.21) प्रतिशत नदीगांव नगर पंचायत और सबसे कम (52.73) जिला मुख्यालय उरई नगर पालिका में रहा।
छिटपुट तनातनी को छोड़कर पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। प्रशासन व पुलिस के अधिकारी सुबह से ही मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे थे। जिलाधिकारी चांदनी सिंह और एसपी डॉ. ईरज राजा ने कई मतदान केंद्रों का भ्रमण करके व्यवस्था का जायजा लिया। एडीजी जोन आलोक सिंह ने भी बूथों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
चुनाव के शुरुआती घंटों में मतदान की स्थिति धीमी रही। इस दौरान नदीगांव को छोड़कर अधिकतर निकायों में 10 फीसदी वोटिंग ही हुई थी। उरई में नौ बजे के बाद सभी निकायों में मतदान में तेजी आई और मतदान स्थलों पर कतारें लग लग गईं। मतदाताओं में उत्साह इस कदर हावी रहा कि कई बूथों पर मतदान छह बजे के बाद भी चलता रहा। पहली बार नगर निकाय की श्रेणी में आए एट में मतदान की गति धीमी रही। यहां पर 15127 मतदाताओं में से 8300 लोगों ने वोट डाले। यहां लगभग 55 फीसदी वोट डाले गए। कोंच में मतदान को लेकर सुबह से ही काफी हलचल रही। केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा और क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने अपने बूथों पर वोट डाले। दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत कोंच नगरपालिका में 38.93 व नदीगांव नगर पंचायत में 51.57 प्रतिशत हो गया था।
माधौगढ़ नगर पंचायत में मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। यहां कुल मतदान 11701 में 7381 ने जो 63.08 प्रतिशत रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 10 तथा सभासद के लिए 41 प्रत्याशी मैदान में थे। नगर पंचायत के परिसर पर पिंक बूथ बनाया गया था। ऊमरी नगर पंचायत में 7923 मतदाताओं में से 5530 ने वोट डाले। ऊमरी में लगभग 69.79 फीसदी मतदान हुआ। रामपुरा नगर पंचायत में रामपुरा नगर पंचायत में कुल 11997 में से 5807 मतदाताओं ने वोट डाले। कोटरा नगर पंचायत में 7615 में 4811 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्य मुकाबला भाजपा के सियाशरण व्यास कांग्रेस से शमसुद्दीन निर्दलीय पातीराम के बीच रहा। कदौरा नगर पंचायत में भी मतदान शांतिपूर्ण रहा। यहां लगभग 64 फीसदी मतदान हुआ।