धर्मनगरी चित्रकूट में दिल को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर दान पात्र के पास बैठकर भीख मांग रही मासूम को जिसने भी देखा दंग रह गया। मासूस के पैरों में जंजीर बंधी हुई थी।
यह मामला चित्रकूट जिले का है। यहां गरीबी, लाचारी व मजबूरी के चलते विधवा मां ने पेट की आग बुझाने के लिए अपनी ममता का गला घोंट दिया। यही नहीं उसके पांव में जंजीर बांध कर उसे भीख मांगने के लिए कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर बैठा दिया।
पैरों में जंजीर बंधी मासूम को दान पात्र के पास भीख मांगता जिसने भी देखा सन्न रह गया। मासूम का मार्मिक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते ही एसपी ने छानबीन शुरू कर दी।
पता चला कि विधवा मां का नाम किरण है। वह परिक्रमा मार्ग पर दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ भीख मांग कर गुजर-बसर करती है।
बेटी की परवरिश व पेट की आग बुझाने के लिए मां ने बच्ची के पैरों में बेड़ी डाल भीख मांगने के लिए बैठा दिया। जानकारी के अनुसार किरण के पति की मौत कुछ दिन पहले करंट से हो चुकी है।