बांदा में ट्रिपल तलाक: दहेज में दो लाख न देने पर दिया तीन तलाक, पति समेत सात ससुरालियों पर रिपोर्ट
Banda Crime: शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि आसमा की तहरीर पर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले में दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर विवाहिता को ससुरालियों ने तरह-तरह से प्रताडि़त किया। गर्भावस्था में उसके की गई मारपीट में शिशु ने गर्भ में ही दम तोड़ दिया। ऑपरेशन से मृत शिशु निकाला गया। उसके बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया।
विवाहिता ने घटना की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, तब उसने सीजेएम न्यायालय में 156 (3) के तहत प्रर्कीण वाद दायर किया। जिस पर न्यायालय के आदेश पर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ कोतवाली नगर में दहेज एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परशुराम तालाब निवासी आसमा ने न्यायालय में दायर किए गए वाद में बताया कि उसकी शादी हमीरपुर जिले के टेढ़ा गांव निवासी खुदाबक्स से 21 नवंबर 2020 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालीजन उससे दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
ससुरालियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया
पहली विदा जब वह ससुराल वापस गई, तो ससुरालीजन उसे गुजरात के जूनागढ़ जिले के दातर रोड ले गए। पति खुदाबक्स वहां ठेकेदारी का कार्य करते हैं। वहां पति खुदा बक्स, ससुर मौला बक्स, सास गुलशन, ननदोई जाहिद, ननद आबदा, देवर अफजल, राहिल ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
मारपीट से गर्भ में मर गया था शिशु
उन्होंने मारपीट कर तरह-तरह से प्रताडि़त किया। उसके ऊपर जानलेवा हमला किया। इससे उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। सितंबर माह में पति उसे मायके छोड़ गया। बांदा में उसका पेट का ऑपरेशन कर मृत शिशु निकाला गया। इसके बाद उसके पिता ने ससुरालियों को बुलाया।
पति समेत सात ससुरालियों पर रिपोर्ट
वह 12 मार्च 2023 को यहां आया और पति उसे तीन तलाक देकर चला गया। उसने 21 मई को कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने न्यायालय की शरण ली। शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि आसमा की तहरीर पर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।